विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद के आर्यन केल्विन: गरीबी से इंस्टाग्राम के एल्गोरिदम किंग बनने का सफर

Published: Thu, 21 May 2026 05:51 PM (IST)

Aryan Kelvin: धनबाद के भूली के आर्यन केल्विन (अमन पंडित) ने आर्थिक तंगी से जूझते हुए इंस्टाग्राम पर 1.27 करोड़ फॉलोअर्स के साथ 'एल्गोरिदम किंग' का खिताब हासिल किया है। 

अपनी मां के साथ आर्यन पंडित। (फोटोः जागरण)

अपनी मां के साथ आर्यन पंडित। (फोटोः जागरण)

HighLights

  1. आर्यन केल्विन के इंस्टाग्राम पर 1.27 करोड़ (12.7 मिलियन) फॉलोअर्स।

  2. तंगहाली से जूझते हुए बने 'एल्गोरिदम किंग', 2.2 बिलियन रीच।

  3. कड़ी मेहनत से महिंद्रा स्कॉर्पियो खरीदी, युवाओं के प्रेरणास्रोत।

आशीष सिंह, धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले की तंग गलियों से निकलकर इंटरनेट मीडिया की दुनिया में करोड़ों दिलों पर राज करने वाले आर्यन केल्विन आज युवाओं के लिए प्रेरणा का बड़ा चेहरा बन चुके हैं। आज आर्यन के इंस्टाग्राम पर 1.27 करोड़ (12.7 मिलियन) फालोअर्स हैं। उनके वीडियो पर लाखों-करोड़ों व्यूज और मिलियंस में लाइक्स आते हैं।

उनके अकाउंट की रीच 2.2 बिलियन यानी लगभग 220 करोड़ है। यह भारत की आबादी से कहीं अधिक है। इंटरनेट मीडिया की दुनिया में आर्यन को अब ‘एल्गोरिदम किंग’ के नाम से जाना जाता है।

भूली ए ब्लाक के बेहद साधारण और आर्थिक तंगी से जूझ रहे मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे आर्यन उर्फ अमन पंडित ने जीवन की कठिन परिस्थितियों के बीच अपने सपनों को कभी मरने नहीं दिया। 18 साल की उम्र में घर की जिम्मेदारियों को संभालने के लिए एक छोटी सी दुकान में तीन से चार हजार रुपये महीने की मामूली तनख्वाह पर लंबी शिफ्टों में काम करना शुरू किया था।

बारिश में काम के लिए जाते समय रेनकोट तक के पैसे नहीं थे। प्लास्टिक ओढ़कर काम पर जाते थे। ट्रेन में जमीन पर बैठककर सफर किया। दिनभर नौकरी और रातभर अपने सपनों के लिए मेहनत करना उनकी दिनचर्या बन गई थी। इसी दौरान कंटेंट क्रिएशन और कामेडी वीडियो बनाने का जुनून उन्हें इंटरनेट मीडिया की ओर खींच लाया।

शुरुआती दिनों में उड़ाया गया मजाक

आर्यन ने जब अपने शुरुआती वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने शुरू किए तो उन्हें प्रोत्साहन से अधिक ताने सुनने पड़े। कुछ वीडियो में ताश के पत्तों के इस्तेमाल को लेकर लोगों ने जुआरी तक कह दिया। समाज के तानों और आलोचनाओं के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी।

लगातार वीडियो एडिटिंग, स्क्रिप्टिंग और कंटेंट की गुणवत्ता सुधारने में जुटे रहे। उनकी मेहनत धीरे-धीरे रंग लाने लगी और इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ती चली गई।

स्कार्पियो खरीदते समय छलक पड़े आंसू

हाल ही में आर्यन ने अपनी सफलता की बदौलत अपनी पसंदीदा महिंद्रा स्कार्पियो खरीदकर एक बड़ा सपना पूरा किया। गाड़ी की डिलीवरी लेते समय मां के साथ उनकी भावुक तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

इस वीडियो पर ही दो करोड़ से अधिक लाइक्स मिले हैं। धनबाद का यह युवा आज लाखों युवाओं को यह संदेश दे रहा है कि हालात चाहे कितने भी कठिन क्यों न हों, अगर सपनों के लिए लगातार मेहनत की जाए तो सफलता जरूर मिलती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।