विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में कोलकर्मियों पर हथियारबंद बदमाशों का धावा, बंधक बनाकर लूट ली ₹3 लाख की केबल  

Published: Sun, 20 Sep 2026 03:12 PM (IST)

धनबाद के निरसा स्थित हरियाजाम कोलियरी की बंद खदान में हथियारबंद लुटेरों ने कोल कर्मियों को बंधक बना लिया।

हरियाजाम कोलियरी ट्रैवलिंग रोड एवं खदान का मुहाना। फोटो जागरण

 हरियाजाम कोलियरी ट्रैवलिंग रोड एवं खदान का मुहाना। फोटो जागरण

HighLights

  1. धनबाद में हथियारबंद लुटेरों ने कोल खदान में धावा बोला।

  2. 25-30 लुटेरों ने कर्मियों को बंधक बनाकर केबल काटा।

  3. लगभग 3 लाख रुपये का 800 फीट केबल लूटा गया।

जागरण संवाददाता, निरसा (धनबाद)। ईसीएल मुगमा क्षेत्र की हरियाजाम कोलियरी की बंद 5/6 नंबर भूमिगत खदान में शनिवार की रात हथियारबंद केबल लुटेरों ने धावा बोल दिया।

करीब 25 से 30 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने खदान में कार्यरत कोल कर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और लगभग 800 फीट केबल काटकर ले गए।

लूटे गए केबल की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद से रात्रि पाली में ड्यूटी करने वाले कर्मियों में दहशत है। कोलियरी प्रबंधन ने घटना की शिकायत निरसा थाना में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ताला तोड़कर खदान में घुसे अपराधी

बंधक बनाए गए कर्मियों संतोष हुसैन, कुर्बान मियां, श्यामापदो मोदी, जय मंगल राय एवं विवेक कुमार वर्मा ने बताया कि शनिवार रात करीब एक बजे अपराधियों ने खदान में पैदल आने-जाने वाले रास्ते का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए।

हथियारों से लैस अपराधियों ने पंप ऑपरेटर, इलेक्ट्रीशियन, ओवरमैन समेत अन्य कर्मियों को कब्जे में लेकर एक स्थान पर बैठा दिया। विरोध करने या शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद अपराधियों का एक दल केबल काटने में जुट गया, जबकि करीब चार अपराधी हथियार लेकर बंधक बनाए गए कर्मियों की निगरानी करते रहे। अपराधियों ने खदान के अंदर करीब आठ पिलर से लगभग 800 फीट केबल काटा और उसे लेकर फरार हो गए।

चेहरे ढके थे, बंगला व खोरठा में कर रहे थे बात

कर्मियों के अनुसार सभी लुटेरों ने चेहरे को रुमाल और गमछे से ढक रखा था। उनकी उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच थी। वे आपस में बंगला और खोरठा भाषा में बातचीत कर रहे थे। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी खदान से निकलकर फरार हो गए।

लुटेरों के जाने के बाद कर्मी बाहर निकले और सुरक्षाकर्मियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय गश्ती दल भी मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक अपराधी भाग चुके थे।

कैपलैंप की रोशनी में काटते रहे केबल

लुटेरों ने बंधक बनाए गए कर्मियों के कैपलैंप भी अपने कब्जे में ले लिए थे। इसी रोशनी का इस्तेमाल कर उन्होंने खदान के अंदर केबल काटने का काम किया।

कर्मियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही केबल लूट की घटनाओं से उनमें भय का माहौल है। कई कर्मी रात की पाली में ड्यूटी करने से भी कतरा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- वाराणसी में माओवादी बृजेश गंझू की एटीएस संग मुठभेड़ में मौत के बाद सामने आई उसके अपराधों की फेहर‍िश्‍त