पहली बार East Central Railway की कमान महिला के हाथ, सुश्री अंजली ने संभाला जीएम का प्रभार; ये रहा परिचय
Anjali Goyal GM ECR बनारस रेल इंजन कारखाना की महाप्रबंधक अंजली गोयल को पूर्व मध्य रेल के प्रभारी महाप्रबंधक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जोन के लिए यह पहला अवसर है जब किसी महिला को शीर्ष पद का मुखिया बनाया गया है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। बनारस रेल इंजन कारखाना की महाप्रबंधक सुश्री अंजली गोयल अब पूर्व मध्य रेलवे के जीएम का काम-काज भी देखेंगी। गोयल ने गुरुवार को ईसीआर जीएम का प्रभार संभाल लिया। यह जानकारी पूर्व मध्य रेलवे ने ट्वीट कर दिया है। 30 जून को ईसीआर जीएम ललित चंद्र त्रिवेदी सेवानिवृत्त हो गए थे। उनके स्थान पर रेलवे ने अंजली गोयल को जीएम बनाया है। गोयल के बाद बनारस रेल इंजन के साथ ही ईसीआर का अतिरिक्त प्रभार होगा।
बनारस रेल इंजन कारखाना की महाप्रबंधक सुश्री अंजली गोयल ने 01.07.2021 को पूमरे के महाप्रबंधक का अतिरिक्त पदभार ग्रहण कर लिया है । सुश्री अंजली गोयल 1985 बैच की भारतीय रेल लेखा सेवा की ख्यातिप्राप्त अधिकारी हैं।आपने भारतीय रेल पर अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कुशलतापूर्वक कार्य किया है। pic.twitter.com/67FYcAe6ZM
— East Central Railway (@ECRlyHJP) July 1, 2021
गाज-बाजे के साथ त्रिवेदी की हुई विदाई
पूर्व मध्य रेल के जीएम ललित चंद्र त्रिवेदी बुधवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनकी विदाई पर रेल मुख्यालय में गाजे-बाजे के साथ शाही सवारी निकली। 26 जून को महाप्रबंधक धनबाद दौरे पर भी आए थे। गया से धनबाद तक चल रही परियोजनाओं का जायजा लेने के साथ धनबाद में बेहतर काम करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत भी किया था। कोरोना काल में भी नंबर वन के पायदान पर बने रहने के लिए धनबाद रेल मंडल की तारीफ भी की थी। जीएम ने यहां तक कहा था कि धनबाद रेल मंडल भारतीय रेल का एवरेस्ट है।
पहली बार ईसीआर की जीएम बनीं महिला
उनकी सेवानिवृत्ति के साथ ही बनारस रेल इंजन कारखाना की महाप्रबंधक अंजली गोयल को पूर्व मध्य रेल के प्रभारी महाप्रबंधक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जोन के लिए यह पहला अवसर है जब किसी महिला को शीर्ष पद का मुखिया बनाया गया है।
रेलवे का महत्वपूर्ण जोन
पूर्व मध्य रेलवे भारतीय रेलवे का महत्वपूर्ण जोन है। इस जोने के तहत धनबाद, पीडीडीयू मुगलसराय, दानापुर, सोनपुर और समस्तीपुर रेल मंडल का क्षेत्र आता है। आय की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। धनबाद रेल मंडल देश के सबसे ज्यादा कमाऊ रेल मंडलों में शुमार किया जाता है।