सीएमपीएफ कर्मियों के वेतन से काटी गई राशि होगी वापस, मंत्रालय से 15 दिन के अंदर आएगा स्पष्टीकरण Dhanbad News
सीएमपीएफ कर्मियों की राशि से पिछले महीने काटी गई रकम वापस होगी। अखिल भारतीय कोयला खान भविष्य निधि कर्मचारी संघ के महासचिव विवेकानंद उपाध्याय ने इसकी जानकारी दी।
धनबाद, जेएनएन। कोल माइंस प्रॉविडेंट फंड कर्मचारियों की राशि से पिछले महीने काटी गई रकम वापस होगी। यह जानकारी अखिल भारतीय कोयला खान भविष्य निधि कर्मचारी संघ के महासचिव विवेकानंद उपाध्याय ने बुधवार को दी है। उपाध्याय के मुताबिक, उन्होंने इस मुद्दे पर कोयला सचिव को एक पत्र लिखा था। इसकी प्रतिलिपि भामसं के माइनिंग उद्योग के प्रभारी डॉ. बीके राय को दी थी।
डॉ. बीके राय ने इसे संज्ञान में लेते हुए सीएमपीएफ आयुक्त से दूरभाष पर बात की। सीएमपीएफ आयुक्त ने उन्हें बताया कि इस महीने कुछ अर्चन आ गई थी जिसकी वजह से कर्मियों के वेतन से राशि काट ली गई थी। इसे लेकर मंत्रालय से 15 दिन के अंदर स्पष्टीकरण चला जाएगा और कर्मचारियों का कटा हुआ वेतन वापस हो जाएगा।
बता दें कि 12 दिसंबर 2018 को केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने एक निर्देश जारी किया था। इसके आधार पर अप्रैल 2017 में पदोन्नद हुए सीएमपीएफ कर्मियों को सातवें वेतन आयोग के आधार पर री फिक्सेशन का मौका दिया गया था। इसके आधार पर लगभग 400 कर्मचारियों की वेतन वृद्धि हुई थी। उनको अगस्त 2019 के वेतन से बढ़ा हुआ वेतन मिला था। कुछ अर्चन आने के कारण पिछले महीने बढ़ा हुआ वेतन काट लिया गया था। अब जबकि काटी गई राशि लौटाने की घोषणा हुई है, कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।