अपर मुख्य सचिव ने उतारी सिविल सर्जन की इज्जत, कहा- तुम्हें नींद कैसे आती है? केवल नसीहत देने के लिए हो?
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने गुरुवार को धनबाद की स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिले के सिविल सर्जन को जमकर फटकार लगाई। सदर अस्पताल की व्यवस्था देख अपर मुख्य सचिव ने काफी नाराजगी जाहिर की।
जागरण संवाददाता, धनबाद: स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने गुरुवार को धनबाद की स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिले के सिविल सर्जन को जमकर फटकार लगाई। सदर अस्पताल की व्यवस्था देख अपर मुख्य सचिव ने काफी नाराजगी जाहिर की। व्यवस्था में लापरवाही को देखते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के डीपीएम गौतम कुमार सिंह और भवन प्रमंडल विभाग के इंजीनियर को ऑन स्पॉट शोकॉज किया है। डीपीएम को उन्होंने बर्खास्त करने का आदेश भी दे दिया। निरीक्षण के दौरान सचिव के साथ जिले के उपायुक्त संदीप सिंह भी थे।
बेकार हो रहे हैं बेड और अन्य उपकरण, मुख्य सचिव ने अपने मोबाइल से ली तस्वीरें
सदर अस्पताल में कोरोना संक्रमण काल के दौरान खरीदे गए सामान और उपकरण की मौजूदा व्यवस्था देख कर सचिव काफी नाराज हुए। उन्होंने इस दौरान वार्ड में जाकर अपने मोबाइल से तस्वीरें लीं। सिविल सर्जन डॉक्टर आलोक विश्वकर्मा पर भड़कते हुए उन्होंने कहा कि इतनी अव्यवस्था के बावजूद तुम खाना कैसे खाते हो और तुम्हें नींद कैसे आती है? यहां केवल नसीहत देने के लिए हो? सिविल सर्जन समेत सदर अस्पताल के नोडल प्रभारी डॉक्टर राजकुमार सिंह को भी फटकार लगाई।
धनबाद में स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह। अव्यवस्था देख उन्होंने सिविल सर्जन डॉक्टर आलोक विश्वकर्मा को फटकार लगाई। pic.twitter.com/dkhPqvPsCO— Deepak Kumar Pandey (@VickyShekher) September 29, 2022
इस दौरान अस्पताल की कार्ययोजना को लेकर मुख्य सचिव जानकारी मांगते रहे। लगभग 20 मिनट की देरी से डीपीएम गौतम कुमार सिंह अपर मुख्य सचिव के सामने पहुंचे। उन्हें हवाई चप्पल में और गुटखा चबाते देख अपर मुख्य सचिव ने ऑन स्पॉट शोकॉज किया और बर्खास्त करने का निर्देश दे दिया। इसके बाद अपन मुख्य सचिव ने भवन प्रमंडल विभाग के जूनियर इंजीनियर, अस्पताल में पीएसी प्लांट लगाने वाले एजेंसी के प्रतिनिधि को भी ऑन स्पॉट शोकॉज किया। अपने मोबाइल से सचिव ने तस्वीरें भी लीं।
विभिन्न वार्ड का लिया जाएगा
सचिव ने इस दौरान सदर अस्पताल के विभिन्न वार्ड का जायजा लिया। उन्होंने पूछा कि सदर अस्पताल में जब 25 डॉक्टर सेवा दे रहे हैं, एक सौ से ज्यादा कर्मचारी कार्यरत हैं, अस्पताल में संसाधन परिपूर्ण हैं, इसके बावजूद इंडोर में मरीज भर्ती क्यों नहीं हो रहे हैं। अधिकारियों के पास इसका कोई जवाब नहीं था। सदर अस्पताल के बाद अपर मुख्य सचिव निरीक्षण के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे हैं। फिलहाल यहां पर विभिन्न वार्ड का जायजा ले रहे हैं।