शादी से लौट रही स्कार्पियो तोपचांची में दुर्घटनाग्रस्त, तीन की मौत
तोपचाची में मंगलवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
तोपचाची (धनबाद) : बिहार के औरंगाबाद से शादी समारोह से लोगों को लेकर बोकारो लौट रही स्कार्पियो गाड़ी मंगलवार देर रात करीब सवा दो बजे तोपचांची के भंवरदहा के पास बांका पुल की रेलिंग से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में स्कार्पियो पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पाच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में तीन की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। एक आशिक रूप से घायल है।
ऐसे हुई घटना : बोकारो के चास के गुजरात कॉलोनी निवासी विनय सिंह परिवार और मित्रों को साथ लेकर अपनी बेटी सोनी की शादी के लिए औरंगाबाद गए थे। वे लोग दो गाड़ियों में औरंगाबाद गए थे। सोमवार को दिन में वहां मंदिर में शादी के बाद रात करीब 9:30 बजे सभी वहां से बोकारो के लिए निकले थे। विनय सिंह का परिवार दूसरी गाड़ी में था जबकि मोहल्ले और आसपास के करीबी स्कार्पियो में थे। रात के करीब सवा दो बजे तोपचांची के बाका पुल के पास स्कार्पियो चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पुल की रेलिंग से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घटों मशक्कत के बाद सभी को वाहन से बाहर निकाला और घायलों को धनबाद भेजा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कार्पियो में सवार कर्मशीला देवी और शीला देवी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि चालक बोकारो निवासी संजय कुमार सिंह की मौत इलाज के दौरान पीएमसीएच में हो गई। चालक संजय सिंह (30 वर्ष) बोकारो के सेक्टर तीन-सी में रहता था वहीं शीला देवी (52 वर्ष) चास के गुजराती कॉलोनी निवासी गणेश प्रसाद की पत्नी थी। गणेश प्रसाद की पुत्री रिया दुल्हन की सहेली है। सहेली के विवाह में रिया की मां गई थी। वहीं कर्मशीला देवी (60 वर्ष) औरंबाद के भंवरापुर की निवासी थी। वह स्व. रामजी तिवारी की पत्नी थी। शादी के बाद वह भी बोकारो आ रही थीं।
हादसे में स्कार्पियो में बैठे दुल्हन के पिता विनय सिंह, असम रायफल्स के जवान गुजराती कॉलोनी निवासी दिलीप शर्मा की पत्नी किरण देवी और पुत्री सुमन कुमारी, मन्नू कुमारी और रिया कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें से तीन की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे में खुशबू कुमारी को आशिक चोट आई है। इधर दूसरी वाहन में सवार लोग सकुशल बोकारो पहुंच चुके थे। वहां पहुंचने के बाद उन्हें हादसे की सूचना मिली। तीन घायलों मन्नू कुमारी, किरण देवी और सुमन कुमारी को चास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-------------------
इनकी हुई मौत
1. संजय सिंह, चालक-बोकारो सेक्टर 3/सी निवासी
2.शीला देवी, दुल्हन की सहेली की मां-गुजराती कॉलोनी चास
3.कर्मशीला देवी-भंवरापुर, औरंगाबाद बिहार की निवासी
-------------------
ये हुए घायल
1. दुल्हन के पिता विनय सिंह, असम रायफल्स के जवान दिलीप विश्वकर्मा की पत्नी किरण देवी व पुत्री सुमन कुमारी, रतन दत्ता की पुत्री मन्नू कुमारी, खुशबू कुमारी आदि।