ढुलू का कैरेक्टर ढीला! अलका ने मुद्दे को लपका
मेयूर शेखर झा के ट्वीट पर अलका का रिट्वीटः दरअसल, भाजपा की जिला मंत्री के आरोप के बाद कांग्रेस और झामुमो समेत तमाम विपक्षी पार्टियां हमलावर हैं।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद जिला भाजपा की महिला पदाधिकारी द्वारा अपनी ही पार्टी के बाहुबलि विधायक ढुलू महतो पर याैन उत्पीड़न करने के असफल प्रयास का आरोप लगाते हुए ऑनलाइन प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद यह मामला तूल पकड़ लिया है। इसे लेकर न सिर्फ धनबाद और राजधानी रांची की राजनीतिक फिजां तल्ख हुई है बल्कि भाजपा को घेरने के लिए दिल्ली की आम आदमी पार्टी की विधायक अलका लांबा ने भी मुद्दे को लपक लिया है। उन्होंने टि्वटर पर तंज कसा है-जो भाजपाई-संघी कल तक एमएलए सोमनाथ भारती के एक अपशब्द पर अपनी छाती पिट रहे थे, एफआइआर भी हुई, आज अपनी ही पार्टी की महिला नेता के साथ खड़े क्यों नहीं दिख रहे? जिसके अनुसार बीजेपी के एमएलए ने उससे बलात्कार करने की कोशिश की... उन्नाव के बीजेपी एमएलए की तरह इस एमएलए को भी बचाने की कोशिश-शर्म करो।
मेयूर शेखर झा के ट्वीट पर अलका का रिट्वीटः दरअसल, भाजपा की जिला मंत्री के आरोप के बाद कांग्रेस और झामुमो समेत तमाम विपक्षी पार्टियां हमलावर हैं। इस मामले को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के अध्यक्ष मयूर शेखर झा ने शुक्रवार को ट्वीट किया-विधायक ढुलू महतो पर महिला का गंभीर आरोप है। पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा के खिलाफ कांग्रेस आंदोलन करेगी। झा के ट्वीट को दिल्ली की आम आदमी पार्टी की विधायक अलका लांबा ने रिट्वीट करते हुए तंज कसा। इस ट्वीट को शनिवार शाम पांच बजे तक 381 लोग रिट्वीट कर चुके थे। जबकि लाइक करने वालों की संख्या 649 थी।