धनबाद में बनेगी झारखंड की पहली आठ लेन सड़क, विश्व बैंक ने जारी की 60 करोड़ की पहली किस्त
झारखंड की पहली आठ लेन सड़क बिग बाजार के आगे गोल बिल्डिंग से मेमको मोड़ होते हुए कतरास काको मठ चौक तक जाएगी। 20 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 416 करोड़ का खर्च आएगा।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड की पहली आठ लेन सड़क का निर्माण धनबाद में होगा। इस 20 किमी लंबी सड़क का निर्माण विश्व बैंक की मदद से किया जाएगा। इसके लिए विश्व बैंक ने 60 करोड़ की पहली किस्त जारी कर दी है। इसका शिलान्यास मुख्यमंत्री रघुवर दास अगले सप्ताह कर सकते हैं। इसके लिए धनबाद नगर निगम में तैयारी चल रही है।
गोल बिल्डिंग से काकोमठ तक गुजरेगी सड़कः राज्य की पहली आठ लेन सड़क बिग बाजार के आगे गोल बिल्डिंग से मेमको मोड़ होते हुए कतरास काको मठ चौक तक जाएगी। 20 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 416 करोड़ का खर्च आएगा जिसमें अभी वर्ल्ड बैंक ने पहली किस्त के तौर पर 60 करोड़ रुपए दिए हैं। सड़क का निर्माण दो कंपनियां अलग अलग पार्ट में करेंगी। एक कंपनी काको मठ से बिनोद बिहारी चौक और दूसरी कंपनी विनोद बिहारी चौक से मेमको मोड़ होते हुए गोल बिल्डिंग तक निर्माण करेगी। कार्यादेश मिलने के बाद कंपनियों ने निर्माण कार्य शुरू करने की कवायद तेज कर दी है।
सड़क का जल्द ही विधिवत रूप से निर्माण कार्य शुरू होगा। शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यालय से संपर्क किया गया है।
-चंद्रशेखर अग्रवाल, मेयर, धनबाद नगर निगम।