सुरुंगा में महिला कोलकर्मी के घर से चार लाख की संपत्ति चोरी
सुरुंगा में महिला कोलकर्मी के घर चार लाख की संपत्ति चोरी हुई है।
संस, अलकडीहा : सुरुंगा देवटोला दुर्गा मंदिर के समीप महिला कोल कर्मी शोभा देवी के आवास से बुधवार की देर रात अपराधियों ने नकद, जेवरात सहित चार लाख की संपत्ति की चोरी कर ली। अलकडीहा पुलिस छानबीन में जुटी है।
शोभा देवी ने बताया कि तीनों पुत्र अलग-अलग कमरे में सोये थे। देर रात अपराधी चारदीवारी फांदकर कमरे में घुस गये। एक कमरे में रखी आलमारी व बख्से का ताला तोड़कर 60 हजार नकद, सोने की 12 जोड़ी कानबाली, दो मंगलसूत्र, तीन अंगूठी, एक चेन, 10 नथिया, एक लॉकेट, चांदी की दो जोड़ी पायल, एक कटोरी, एक घड़ी व कीमती कपड़े लेकर पिछले दरवाजे से फरार हो गए। शोभा ने कहा कि चोरी गए सामानों की कीमत लगभग चार लाख है।
घटना की सूचना पाकर अलकडीहा ओपी प्रभारी जयमासी कुजूर सदलबल पहुंचे। मामले की जानकारी के बाद चोरी की घटना को संदेहास्पद बताया। कहा कि छानबीन जारी है। जोड़ापोखर के इंस्पेक्टर जी भगत ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। शोभा की ओर से ओपी में चोरी की शिकायत की गई है। अलकडीहा ओपी क्षेत्र में तीन माह में यह तीसरी चोरी-डकैती की बड़ी घटना है। क्षेत्र के लोगो में भय छाया है।
..
क्षेत्र में अपराध की घटना को रोकने के लिए लगातार पुलिस गश्ती कर रही है। सुरुंगा में चोरी को संदेहास्पद मानकर छानबीन की जा रही है। अपराध को रोकने के लिए ग्रामीणों का सहयोग जरूरी है।
- जयमासी कुजूर, अलकडीहा ओपी प्रभारी