Dhanbad Weather Forecast: न बारिश होगी न आएंगे बादल, अभी झुलसने को रहें तैयार
Dhanbad Weather Forecast माैसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को धनबाद अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री के बीच रहेगा। झारखंड में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री अधिक रहने की संभावना जताई गई है।
धनबाद, जेएनएन। मौसम में इस हफ्ते भी किसी बदलाव की संभावना नहीं है। अगले कई दिनों तक न बारिश होगी और न बादलों के आने के संकेत मिल रहे हैं। गर्मी बनी रहेगी और दोपहर में आसमान से आग बरसने जैसा वातावरण रहेगा। मौसम विभाग ने इसकी संभावना जता दी है। सोमवार को धनबाद का अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री के बीच जा सकता है। धनबाद के साथ साथ जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज जैसे जिलों का तापमान भी धनबाद जैसा ही रहने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं। हालांकि पड़ोस के बोकारो का तापमान धनबाद से कुछ कम रहेगा।
होली से पहले ही विदा हो गई ठंड
पिछले साल मार्च से शुरू हुए कोरोना काल के दौरान प्रकृति में काफी बदलाव देखा गया था। आबोहवा बिल्कुल स्वच्छ होने के साथ साथ गर्मी का एहसास बिल्कुल नहीं हुआ था। जब भी तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई, मौसम ने करवट ले लिया और झमाझम बारिश से गर्मी फुर्र हो गई। ऐसे में इसकी पूरी संभावना थी कि इस बार सर्दी भी लंबे समय तक रहेगी। लोगों में ऐसी चर्चा थी कि इस बार ठंड की विदाई 28-29 मार्च को होली के बाद ही होगी। पर फरवरी के पहले सप्ताह से ही ठंड गायब हो गई। फरवरी खत्म होते होते तापमान 35-36 डिग्री तक पहुंच गया। नए साल के दूसरे महीने में ही गर्मी ने तेवर दिखाना शुरू कर दिया।
मार्च में यह हाल तो अप्रैल और मई में क्या होगा
मौसम के बदलते रंग देख यह सोचना लाजिमी है कि जब फरवरी में ये हाल है तो अप्रैल, मई और जून में क्या होगा। धनबाद में दोपहर समय दो पहिया वाहनों पर चलते से चेहरे पर जलन हो रहा है। रविवार को धूप में काफी तल्खी रही।
चार मार्च तक का संभावित तापमान
- सोमवार अधिकतम 36 न्यूनतम 15
- मंगलवार अधिकतम 36 न्यूनतम 15
- बुधवार अधिकतम 35 न्यूनतम 15
- गुरुवार अधिकतम 36 न्यूनतम 16