वासेपुर से निगम ने उठाया 20 ट्रक कचरा, अभी भी सफाई जा रही Dhanbad News
वासेपुर के वार्ड 14 में नगर निगम की ओर से शुक्रवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यहां जेसीबी ट्रैक्टर और मुख्यमंत्री श्रमिक योजना से आच्छादित किए गए श्रमिकों को सफाई कार्य में लगाया गया। यहां 50 से अधिक सफाई कर्मी वार्ड की सफाई करने में जुटे हुए हैं।
धनबाद, जेएनएन : वासेपुर के वार्ड 14 में नगर निगम की ओर से शुक्रवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यहां जेसीबी, ट्रैक्टर और मुख्यमंत्री श्रमिक योजना से आच्छादित किए गए श्रमिकों को सफाई कार्य में लगाया गया। यहां 50 से अधिक सफाई कर्मी इस समय इस वार्ड की सफाई करने में जुटे हुए हैं।
उपनगर आयुक्त राजेश कुमार सिंह की देखरेख में कचरा उठाव जारी है। अभी तक 20 ट्रक से ऊपर कचरा हटाया जा चुका है। कई गलियां इस तरह से संकरी हैं कि वहां निगम की गाड़ी नहीं पहुंच सकी। यहां सफाई कर्मियों को अधिक मेहनत करनी पड़ी। कार्यपालक पदाधिकारी कुणाल कुमार सिंह और कार्यक्रम पदाधिकारी रितेश कुमार सिंह के नेतृत्व में सफाई अभियान जारी है। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि जब तक वार्ड 14 पूरी तरह से साफ सुथरा नहीं हो जाता तब तक सफाई जारी रहेगी। कई गलियां यहां ऐसी हैं जहां पिछले एक दशक से सफाई नहीं हुई है।
रैली निकाल लोगों को किया जागरूक
वासेपुर में सफाई कराने से पूर्व निगम की ओर से स्वच्छता संदेश देने की नियत से एक रैली निकाली गई। पूरे इलाके में घूम घूम कर सफाई कर्मियों ने स्वच्छता का संदेश दिया। सफाई कर्मियों ने कहा अपने आसपास साफ-सफाई रखें, कचरा सिर्फ निगम की गाड़ियों या डस्टबिन में ही डालें, प्लास्टिक का प्रयोग ना करें, गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में ही डालें।