Para Teacher Movement: हेमंत सरकार के लिए सिरदर्द बने पारा शिक्षक, सत्ताधारी विधायकों के साथ बढ़ा टकराव
पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने रविवार को सत्ताधारी पार्टी के विधायकों का आवास घेरने का एलान किया था। इसके मद्देनजर शिक्षक टुंडी विधानसभा क्षेत्र के विधायक मथुरा महतो का आवास घेरने के लिए टाटा सिजुआ छह नंबर स्थित आवास जा रहे थे। बीच रास्ते में ही पुलिस ने रोक दिया।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड प्रदेश एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले राज्य के पारा शिक्षकों ने आंदोलन छेड़ रखा है। पारा शिक्षक स्थायीकरण की मांग कर रहे हैं। झारखंड विधानसभा चुनाव-2019 के दाैरान हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री बनने पर पारा शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करने का वादा किया था। लेकिन सरकार बनने के एक साल बाद भी पारा शिक्षकों की समस्याएं जस की तह है। इस लेकर पारा शिक्षकों ने एक बार फिर से आंदोलन शुरू किया गया। इससे सत्ताधारी पार्टी के विधायकों और शिक्षकों के बीच तनाव बढ़ रहा है।
पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने रविवार को सत्ताधारी पार्टी के विधायकों का आवास घेरने का एलान किया था। इसके मद्देनजर शिक्षक टुंडी विधानसभा क्षेत्र के विधायक मथुरा महतो का आवास घेरने के लिए टाटा सिजुआ छह नंबर स्थित आवास जा रहे थे। बीच रास्ते में ही पुलिस ने रोक दिया। इससे पारा शिक्षक भड़क गए। पुलिस और शिक्षकों के बीच टकराव जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। मथुरा महतो सत्ताधारी झामुमो के विधायक हैं। पारा शिक्षकों ने कहा कि चुनाव के समय झामुमो ने स्थायी करने का वादा किया था।
विधायक आवास पर धरना दे पारा शिक्षकों ने रखी अपनी मांग
पारा शिक्षक एक बार फिर अपनी लंबित मांगों को लेकर सक्रिय हो गए हैं। एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार को झरिया विधायक पूर्णिमा सिंह के धनबाद स्थित आवास घेराव कार्यक्रम के तहत धरना दिया। झरिया विधायक के आवास पर झरिया, बलियापुर, ग्यारकुंड, निरसा के पारा शिक्षक मौजूद थे। पारा शिक्षकों ने कहा वर्तमान सरकार के चुनाव पूर्व किए गए वादे अनुसार पारा शिक्षकों की समस्याओं का समाधान किया जाना था। एक साल बीत जाने के बाद भी पारा शिक्षकों की समस्याओं पर सरकार स्तर से पहल नहीं किया जा रहा है। इसी को लेकर आज सत्ता पक्ष के विधायकों के आवास पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया और विधायक को मांग पत्र सौंपा गया। इसके बाद मंत्रियों के आवास का घेराव किया जाएगा और अंत में 10 फरवरी को मुख्यमंत्री आवास के समक्ष धरना के माध्यम से अपनी मांगों को रखा जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में धनबाद प्रखंड के अध्यक्ष मनोज राय झरिया प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण महतो के अलावा रंजीत महतो, कौशल कुमार, शंभू शर्मा प्रभात पासवान, शिवदयाल पासवान, सुदेश्वर राम समेत सैकड़ों की संख्या में पारा शिक्षक मौजूद थे।