Weather News : कानफाड़ू गर्जन के साथ कोयलांचल में जोरदार बारिश, कई इलाकों में जलजमाव
Weather Update शुक्रवार को धनबाद व आसपास में जोरदार बारिश हुई। इससे शहर का मौसम सुहाना हो गया है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Weather News Update शुक्रवार को धनबाद व आसपास में जोरदार बारिश हुई। इससे उमस झेल रहे शहरवासियों राहत मिली। बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। वड़टाफड़ के हंस विहार कॉलोनी में जलजमाव हो गया। इससे आने-जाने वालों को काफी फजीहत का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने 26 तक हल्की बारिश और 27 से 29 के बीच मध्यम से जोरदार बारिश का अनुमान जताया था, लेकिन राजस्थान से बिहार की ओर आए बादलों ने पहले ही झमाझम बारिश कराना शुरू कर दिया। गुरुवार की देर शाम भी धनबाद और आसपास में जोरदार बारिश हुई। शुक्रवार को भी सुबह से आसमान में बादल छाए हुए थे, जिससे मौसम में थोड़ी उमस थी। वहीं, दोपहर में एकाएक जोरदार गर्जन के साथ बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कई जगहों पर ठनका गिरने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक इससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
मॉनसून एक्सपर्ट डॉ. एसपी यादव ने बताया कि राजस्थान से बादलों के कुछ हिस्से बिहार की ओर आये हैं, जो स्थानीय स्तर पर मजबूत होकर तेज बारिश करा रहे हैं। इसका ज्यादा प्रभाव बिहार के नदियों वाले क्षेत्र में अधिक है। धनबाद और आसपास में भी उसी का प्रभाव है। बिहार के बादल के बड़े हिस्से अलग होकर इस ओर आ गए हैं और यहां भी स्थानीय स्तर पर मजबूत होकर बारिश करा रहे हैं।