Corona in Dhanbad News Update: धनबाद में अब तक 30 कोरोना केस, 13 नए मरीज
LIVE Corona in Dhanbad News Update धनबाद जिले में तेजी से कोरोना का प्रकोप बढ़ रहा है। यहां मरीजों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है।
धनबाद, जेएनएन। LIVE Corona in Dhanbad News Update धनबाद में कोरोना का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को तो धनबाद में कोरोना बम ही फट गया। एक साथ 13 मरीज मिले। इसी के साथ धनबाद में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है।
धनबाद के पीएमसीएच में शनिवार को जांच के दाैरान 13 पॉजिटिव मरीज मिले। सभी मरीज क्वारंटाइन हैं। उनका सैंपल लेकर जांच के लिए पीएमसीएच भेजा गया था।
धनबाद की महिला दिल्ली में निकली कोरोना पॉजिटिव
धनबाद में शनिवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला। मरीज महिला है। वह मुनीडीह की है। फिलहाल दिल्ली के मैक्स अस्पताल में इलाज चल रहा है। कोरोना पॉजिटिव महिला बीसीसीएल कर्मी की पत्नी है। तबीयत खराब होने पर उसे धनबाद के अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 16 मई से 19 मई तक अशर्फी अस्पताल में भर्ती थी। जांच में किडनी की बीमारी निकली । इलाज के लिए महिला का लड़का 24 मई को ट्रेन से दिल्ली ले गया। किडनी में पथरी के इलाज के लिए मैक्स अस्पताल में भर्ती किया। 29 तारीख को ऑपरेशन होने वाला था इससे पहले कोरोना का टेस्ट किया गया। रिपोर्ट पॉजिटिव निकला।
18 दिन बाद आई जांच रिपोर्ट
धनबाद में कोरोना के खिलाफ जंग की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। व्यवस्था ऐसी चल रही है कि कोरोना वायरस के सामुदायिक फैलाव की पूरी गांरटी देती है। अब एग्यारकुंड प्रखंड के डुमरकुंडा निवासी 12 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव बच्चे का ही मामला लीजिए। उसका सैंपल 12 मई को लिया गया था। 29 मई को रिपोर्ट आई। रिपोर्ट पॉजिटिव निकला। 18 दिन तक कोरोना पॉजिटिव बच्चे पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। यह बड़ी लापरवाही है। दूसरी तरफ स्वास्थ्य अधिकारियों ने बच्चे का दोबारा सैंपल लिया है क्योंकि मानव शरीर में वायरस का संक्रमण 14 दिन रहता है। हालांकि इससे आगे भी संक्रमण बढ़ सकता है।
तीन नए मरीजों का बीसीसीएल के सेंट्रल अस्पताल में इलाज शुरू
शुक्रवार को धनबाद में कोरोना के तीन नए मरीज मिले। बाघमारा प्रखंड के श्यामडीह का 21 वर्षीय युवक, निरसा प्रखंड के डुमरकुंडा का 12 वर्षीय बच्चा और गोविंदपुर प्रखंड के सबलपुर गोसाईंडीह की छात्रा में संक्रमण मिला। सभी को सेंट्रल अस्पताल (कोविड-19) में भर्ती कराया गया है। श्यामडीह व डूमरकुंडा के मरीजों की जांच पीएमसीएच में हुई जबकि छात्रा की जांच निजी लैब में हुई। इसके साथ ही जिले में कोरोना पीडि़तों की कुल संख्या 17 हो गई है। इनमें चार ठीक हो गए हैैं। सक्रिय मरीजों की संख्या 13 है।
श्यामडीह का युवक श्यामडीह दास टोला स्थित सामुदायिक भवन में क्वारंटाइन था। वह मुंबई से आया था। वहीं डूमरकुंडा दक्षिण पंचायत की चांच कोलियरी का बच्चा पुरुलिया से आया है। सबलपुर (गोसाईंडीह) की छात्रा दिल्ली में यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। इनके संपर्क में आनेवाले लगभग दो दर्जन लोगों को क्वारंटाइन किया जा रहा है। इन इलाकों को अब कंटेनमेंट जोन बनाने की तैयारी हो रही है। देर शाम जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक भी हुई।
धनबाद में शुक्रवार को तीन नए मरीज मिले हैैं। तीनों को सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी घरों में रहना जरूरी है। बहुत आवश्यक हो, तभी निकलें।
-अमित कुमार, उपायुक्त, धनबाद