COVID-19 : यूपी-बिहार में मरीज मिलने से बढ़ा झारखंड पर संक्रमण का खतरा, राज्य सरकार ले सकती है बड़ा फैसला Dhanbad News
यूपी-पश्चिम बंगाल के बाद अब बिहार में कोरोना (COVID-19) के मरीज मिलने से धनबाद बोकारो देवघर समेत झारखंड के कई जिलों में भी संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
धनबाद, जेएनएन। पश्चिम बंगाल के बाद बिहार में कोरोना (COVID-19) के मरीज मिलने से धनबाद, बोकारो, देवघर समेत झारखंड के कई जिलों में भी संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। हालांकि अभी तक झारखंड में कोरोना का एक भी मरीज नहीं मिला है। वहीं, अब सभी पड़ोसी राज्य बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, ओडिसा तथा छत्तीसगढ़ में यह वायरस पहुंच चुका है। सबसे अधिक मरीज उत्तर प्रदेश में मिले हैं।
दरअसल, बिहार और बंगाल के बड़ी संख्या में लोग धनबाद व आसपास के जिलों में रहते हैं। यहां सबसे अधिक आवागमन भी इन्ही दो राज्य से होता है। ऐसे में जिला प्रशासन की परेशानी बढ़ गई है। उम्मीद की जा रही है राज्य सरकार बिहार-पश्चिम बंगाल सहित अन्य पड़ोसी राज्यों से आवागमन रोकने के लिए बड़ा फैसला लेगी। बताया जाता है कि केंद्र सरकार ने भी प्रभावित राज्यों को अंतरराज्यीय बस सेवाओं को 31 मार्च तक निलंबित करने का आदेश दिया है।
इधर, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल, उत्तरप्रदेश आदि से बड़ी संख्या में मजदूरों और अन्य लोगों के झारखंड लौटने से भी खतरा बढ़ गया है। रविवार को भी बड़ी संख्या में लोग ट्रेन से वापस लौटे हैं। इनकी स्क्रीनिंग की पर्याप्त व्यवस्था भी रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर नहीं देखी गई। धनबाद रेलवे स्टेशन पर स्कीनिंग के लिए दिन में एक किमी लंबी लाइन लग गई। हालांकि 31 मार्च तक ट्रेनों के परिचालन पर रोक लगाने के निर्णय से जरूर कुछ राहत मिलेगी।