DMC Chunav 2020: धनबाद नगर निगम चुनाव के लिए एक दर्जन कोषांग गठित, छुट्टियां रद
नगर निगम चुनाव को लेकर 923 मतदान केंद्रों पर अप्रैल मई में चुनाव प्रस्तावित है। कोषांग को संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों को चिन्हित करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद नगर निगम चुनाव की हलचल बढऩे लगी है। राज्य चुनाव आयोग के निर्देश पर अप्रैल मई में प्रस्तावित नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2020 का ससमय एवं सुदृढ़ता से संचालन हेतु जिले में चुनाव से संबंधित करीब एक दर्जन विभिन्न कोषांग का गठन कर दिया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अमित कुमार ने इस संबंध में झारखंड चुनाव आयोग को भी अवगत करा दिया है।
निर्वाचन कार्य संपन्न करने के लिए अवकाश के दिनों में भी कोषांग में शामिल कर्मचारियों को कार्य करने का निर्देश दिया गया है। सभी प्रकार के अवकाश रद समझे जाएंगे। गठित कोषांग के नोडल पदाधिकारियों के साथ सहयोगी पदाधिकारी, लिपिक व अनुसेवी की भी प्रतिनियुक्ति सूची जारी हुई हैैं, जो चुनाव संपन्न कराने में मुख्य भूमिका में रहेंगे।
मालूम हो कि निगम चुनाव को लेकर 923 मतदान केंद्रों पर अप्रैल मई में चुनाव प्रस्तावित है। कोषांग को संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों को चिन्हित करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कर्मचारियों को चुनाव का प्रशिक्षण देने के लिए भी गाइड लाइन जारी की गई है। विस चुनाव में 12 सितंबर 2019 को प्रकाशित अंतिम वोटर लिस्ट के आधार पर ही वार्डवार मतदान केंद्रवार धनबाद नगर निगम निर्वाचन के लिएए सूची तैयार की गई है।
- विभिन्न कोषांग और नोडल पदाधिकारी पर एक नजर
- कार्मिक - अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) अनिल कुमार सिंह
- ईभीएम - अपर समाहर्ता (आपूर्ति) संदीप कुमार दोराईबुरु
- परिवहन - जिला परिवहन पदाधिकारी ओम प्रकाश यादव
- प्रशिक्षण - जिला शिक्षा पदाधिकारी अलका जायसवाल
- सामग्री - अपर समाहर्ता श्याम नारायण राम
- विधि व्यवस्था सह आचार संहिता कोषांग - अनुमंडल पदाधिकारी राज महेश्वरम
- निर्वाचन व्यय अनुश्रवण - राज्य कर उपायुक्त नागरीय अंचल धनबाद रामा प्रताप उरांव
- प्रेक्षक - सहायक उत्पाद आयुक्त डॉ राकेश कुमार
- नियंत्रण कक्ष - अपर जिला दंडाधिकारी अनिल कुमार
- मतपत्र - जिला आपूर्ति पदाधिकारी भोगेंद्र ठाकुर
- मीडिया - जिला जनसंपर्क अधिकारी ईशा खंडेलवाल
- नगरपालिका निर्वाचन - नगर निगम उप-निर्वाचन पदाधिकारी दीपमाला