एके राय की स्थिति बेहद गंभीर, चिंता में समर्थक
धनबाद केंद्रीय अस्पताल में भर्ती पूर्व सांसद एके राय (88 वर्ष) की स्थिति बेहद नाजुक हो गई है। उनका
धनबाद : केंद्रीय अस्पताल में भर्ती पूर्व सांसद एके राय (88 वर्ष) की स्थिति बेहद नाजुक हो गई है। उनका श्वसन तंत्र काम नहीं कर रहा है। उन्हें फिलहाल ऑक्सीजन पर रखा गया है। इलाज करने वाले डॉक्टरों की मानें तो राय दा प्री-कोमा में चले गए हैं। उनका रेस्पेट्री सिस्टम फेल्योर (सांस लेने की प्रक्रिया फेल) हो गया है। क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) के बेड नंबर चार पर भर्ती राय दा को डॉक्टरों की टीम ने लगातार निगरानी में रखा है। राय दा को बीपी, शुगर, लकवा भी है। उन्हें बेहतर से बेहतर सेवा देने की कोशिश में चिकित्सक लगे हैं। डॉक्टरों ने बताया कि ऐसी गंभीर स्थिति में उन्हें कहीं बाहर भी नहीं भेजा जा सकता है।
इधर, राय दा के प्री-कोमा में चले जाने के बाद शुभचिंतकों की चिंता बढ़ गई है। काफी संख्या में लोग व पार्टी नेता उनका हालचाल लेने अस्पताल आ रहे हैं।
खुद से मात्र 60 से 70 फीसद ही ले पा रहे सांस : रेस्पेट्री सिस्टम फेल्योर होने के बाद राय दा खुद से मात्र 60 से 70 फीसद ही सांस ले पा रहे हैं। इस कारण उन्हें आक्सीजन सपोर्ट दिया गया है। इससे वह लगभग 94-95 प्रतिशत सांस ले रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है इसे अस्थाई तौर पर चलाया जा रहा है।
मथुरा, अरूप, आनंद, फूलचंद पहुंचे : राय दा की चिंताजनक स्थिति की खबर सुनकर पूर्व मंत्री मथुरा प्रसाद महतो, पूर्व विधायक आनंद महतो, निरसा विधायक अरूप चटर्जी, सिंदरी विधायक फूलचंद मंडल, उनके पुत्र धरनीधर मंडल, मासस जिलाध्यक्ष हरि प्रसाद पप्पू, आजसू जिलाध्यक्ष मंटू महतो आदि कई लोग केंद्रीय अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों से सभी ने राय दा की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ कई और लोग अस्पताल पहुंचे। रात में कई लोग अस्पताल में जमा थे।
------------------
कोट
राय दा की स्थिति खराब है, उनका रेस्पेट्री सिस्टम फेल्योर हो गया है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वह कोमा से पहले की स्थिति में दिख रहे हैं।
डॉ. एसके सिन्हा, इलाज करने वाले चिकित्सक।