राफेल पर सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को किया गुमराह : ब्रजेंद्र
धनबाद : कांग्रेस जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने राफेल मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट को गुमराह करने
धनबाद : कांग्रेस जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने राफेल मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट को गुमराह करने को लेकर केंद्र सरकार की नियत पर सवाल उठाया है। शनिवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि राफेल रक्षा सौदा पर मोदी सरकार झूठ बोल रही है। उसने सुप्रीम कोर्ट को गुमराह करने का काम किया है। कैग रिपोर्ट लोक लेखा समिति (पीएसी) को पेश करना था, पर पेश नहीं की गई। मोदी सरकार ने बंद लिफाफे में कैग रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंपा, उसी आधार पर कोर्ट का फैसला आया।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस चुप बैठने वाली नहीं है। हम सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन करेंगे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय सिंह ने कहा कि सरकार संवैधानिक संस्थाओं का खुलेआम मजाक उड़ा रही है। राफेल सौदे की सच्चाई को जनता तक पहुंचाएंगे। मौके पर मदन महतो, बीके सिंह, योगेंद्र सिंह योगी, मनोज यादव, विवेकानंद चौधरी, अनिल साव, राजेश सिंह, सरफुद्दीन अंसारी, उत्तम मिश्रा, पप्पू तिवारी, महेंद्र पासवान आदि उपस्थित थे।