सहियाओं ने दी आंदोलन की चेतावनी
लोयाबाद : शहरी क्षेत्र से सहियाओं को काम से हटाने के फरमान के खिलाफ सहियाएं आंदोलन करेंगी। बुधवार को
लोयाबाद : शहरी क्षेत्र से सहियाओं को काम से हटाने के फरमान के खिलाफ सहियाएं आंदोलन करेंगी। बुधवार को सहियाओं ने मदनाडीह उप स्वास्थ्य केंद्र के समक्ष सीएस सी श्रीवास्तव और चिकित्सा प्रभारी डॉ. आलोक विश्वकर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वे सहिया हटाने के निर्णय को वापस लेने की मांग कर रही थीं। चेतावनी दी कि यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो वे सड़क पर उतर कर आंदोलन करने के साथ साथ न्यायालय के शरण में जाने को बाध्य होंगी।
सहिया संघ के अध्यक्ष विमला तिवारी ने कहा कि दस सालों से वे लोग सरकार द्वारा दी जा रही चिकित्सा सुविधा को सहिया के रूप में घर घर जाकर पहुंचा रही है। अब तक उन लोगों को सिर्फ दो माह का मानदेय मिला है। जब मानदेय मांगने के लिए गईं तो सिविल सर्जन और चिकित्सा प्रभारी ने तुगलकी फरमान सुनाते हुए कहा शहरी क्षेत्र के सहियाओं को हटा दिया गया है। पार्षद नंदु दुलाल सेन गुप्ता ने कहा कि सरकार तो पोषण सखी की नियुक्ति की, लेकिन वह क्षेत्र में नहीं जाती है। बैठ कर वेतन उठा रही है और जो सहिया रात दिन मेहनत करती हैं उन्हें सही से मानदेय नहीं दिया गया और अब उसे हटाने का फरमान जारी कर दिया गया। सहियाओं को न्याय दिलाने के लिए जोरदार आंदोलन किया जाएगा। एकता कुमारी, रंजू देवी, पुर्णिमा देवी, रूपा देवी, सतमी देवी, कंचन देवी, मीणा देवी, धनेश्वरी देवी, यास्मीन बानो आदि शामिल थीं।