धनबाद में जुटेंगे देशभर के 150 नेत्र चिकित्सक, ज्योत से ज्योत जलाओ अभियान पर भी की जाएगी चर्चा Dhanbad News
झारखंड ऑप्थाल्मोलोजिकल सोसाइटी का 17वां वार्षिक सम्मेलन धनबाद में 29 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस सम्मेलन में देश भर के लगभग 150 नेत्र रोग विशेषज्ञ भाग लेंगे।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड ऑप्थाल्मोलोजिकल सोसाइटी का 17वां वार्षिक सम्मेलन धनबाद में 29 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस सम्मेलन में देश भर के लगभग 150 नेत्र रोग विशेषज्ञ भाग लेंगे। सम्मेलन 29 नवंबर से एक दिसंबर तक चलेगा। ये जानकारी आयोजन समिति के चेयरमैन डॉ. रजनीकांत सिन्हा और समिति की सचिव डॉ. रेखा सिंह ने धनबाद क्लब में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में दी।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि 29 नवंबर को पहले दिन पीएमसीएच में लाइव ऑपरेशन होंगे। इसमें टॉरिक व पेन ऑप्टिक लेंस के लगाए जाएंगे। 30 व एक को दूसरे दिन आइआइटी के गोल्डन जुबली हॉल में साइंटिफिक सेशन होंगे। प्रसिद्ध डॉक्टर डॉ. भारती कश्यप की देखरेख में यह सेशन बनाया गया है।
पहली बार चार अलग-अलग तरह का सेशन : साइंटिफिक सेशन में पहली बार चार तरह का सेशन होगा। इसमें ग्रैंड राउंड, कोर्ट मार्शल, इस साल हमने नया क्या किया, विदेशों में अवार्ड जीतने वाले भारतीय डॉक्टरों के बेस्ट सेशन होंगे। इसके अलावा मधुमेह जागरूकता के लिए पूरे देश में चलाई जा रही ज्योत से ज्योत जलाओ अभियान का राज्य में विशेष भागीदारी पर भी चर्चा होगी। मौके पर कोषाध्यक्ष डॉ. सीमा पटवारी, डॉ. मनीष नारायण मौजूद थीं।
कई नामी चिकित्सकों का व्याख्यान : सम्मेलन में मुख्य अतिथि त्रिवेंद्रम से डॉ. अरूप चक्रवर्ती होंगे। इसके साथ ही तिरूनेलवेली से डॉ. लिनोअल राज, नागपुर से डॉ. प्रशांत, रांची से डॉ भारती कश्यप, बेंगलुरू से डॉ. चित्र जयदेव, चेन्नई से डॉ. मनोज खत्री, नोयडा से डॉ. अजय अरोड़ा, जयपुर से डॉ. हर्षल टॉक, पटना से डॉ. ज्ञान भास्कर व डॉ. हिमांशु कुमार, त्रिवेंद्रम से डॉ. अरूप चक्रवर्ती वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लेने धनबाद पहुंचेंगे।