स्टेशन पर नियमों का उल्लंघन करने वाले 138 हिरासत में
धनबाद : रेलवे सुरक्षा बल ने स्टेशन परिसर में नाजायज मजमा लगाकर गाली ग्लौज करने वालों, प्लेटफॉम
धनबाद : रेलवे सुरक्षा बल ने स्टेशन परिसर में नाजायज मजमा लगाकर गाली ग्लौज करने वालों, प्लेटफॉर्म पर शौच करने वालों समेत रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ शनिवार को अभियान चलाया। धनबाद स्टेशन पर चलाए गए अभियान में कुल 138 लोगों को हिरासत में लिया गया और उनसे जुर्माना वसूलने के बाद रेल न्यायालय के आदेश पर छोड़ दिया गया।
हिरासत में लिए गए लोगों में 78 वैसे हैं, जो स्टेशन परिसर में गाली ग्लौज कर रहे थे या प्लेटफॉर्म पर शौच कर रहे थे। 30 ट्रेन के पायदान पर यात्रा करते पकड़े गए, 15 दिव्यांग कोच और दो महिला कोच में यात्रा कर रहे थे। वहीं, 11 को गलत तरीके से रेलवे लाइन पार कर एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाते हुए पकड़ा गया। यह अभियान आरपीएफ धनबाद निरीक्षक प्रभारी सुनील कुमार पांडेय के आदेश पर उप निरीक्षक केएन सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। उन्होंने बताया कि दो अवैध वेंडर को भी हिरासत में लिया गया। इन सभी को रेलवे न्यायालय में पेश किया गया। इनसे 31 हजार रुपये जुर्माना स्वरूप वसूल कर छोड़ दिया गया।