माडा में हड़ताल खत्म, आज से जलापूर्ति सामान्य
जागरण संवाददाता, धनबाद : छठा वेतनमान, एसीपी सहित अन्य मांगों को लेकर माडा में बीते शनिवार से चली आ रही हड़ताल गुरुवार को खत्म हो गई। माडा एमडी के साथ हुई सफल वार्ता के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त की घोषणा। शुक्रवार से झरिया, करकेंद, केंदुआ, कुस्तौर, बस्ताकोला सहित अन्य इलाकों जलापूर्ति चालू हो जाएगी।
एमडी डॉ. रविंद्र सिंह के आवासीय कार्यालय में प्रतिनिधि मंडल की वार्ता हुई। इसमें जिनका पंद्रह हजार से कम वेतन है उन कर्मियों को पूर्व की भांति पंद्रह हजार भुगतान करने पर सहमति बनी। एसीपी से वंचित कर्मियों को इसका लाभ देने के लिए स्क्रीनिंग समिति की बैठक कर निर्णय किया जाएगा। शुक्रवार को स्क्रीनिंग समिति की बैठक होगी। छठा वेतनमान के लिए राज्य सरकार को लिखा गया है। जवाब आने पर कर्मचारियों को वस्तु स्थिति से अवगत कराया जाएगा। हड़ताल में शामिल कर्मियों पर दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने पर सहमति बनी।
इस बीच गुरुवार को झरिया क्षेत्र में पानी के लिए हाहाकार मचा रहा। देर शाम तक झरिया क्षेत्र में जलापूर्ति नहीं हो पाई थी। हालांकि जामाडोबा जल संयंत्र से कुसुंडा प्रमंडल अंतर्गत पड़ने वाले इलाकों में आंशिक जलापूर्ति हुई। शुक्रवार से जलापूर्ति सामान्य हो पाएगी। वार्ता में कर्मचारी प्रतिनिधि मंडल की ओर से राधा रमन सिंह, जुनैद अहमद, कौशल किशोर मिश्रा, गोपाल पांडेय, महेंद्र आदि मौजूद थे।