मोदी आहार का मजाक उड़ाने के आरोप में युवक गिरफ्तार, कपिला पशु आहार से की थी तुलना Deoghar News
फेसबुक के माध्यम से मोदी आहार का मजाक उड़ाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसने मोदी आहार की तुलना कपिला पशु आहार से की थी।
देवघर, जेएनएन। मोदी आहार का सोशल मीडिया पर मजाक उड़ाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक पर आरोप है कि उसने फेसबुक के माध्यम से मोदी आहार का मजाक उड़ाया है। उसने मोदी आहार की तुलना कपिला पशु आहार से की। इससे नाराज भाजपा कार्यकर्त्ता नवल किशोर राय ने इसकी शिकायत जसीडीह थाने में की। उक्त युवक मुकेश कुमार दास उर्फ मुकेश अनजान थाना क्षेत्र के कोयरीडीह गांव का रहने वाला है।
दरअसल, भाजपा की ओर से भी गरीबों के बीच मदद स्वरूप मोदी आहार वितरित किया जा रहा है। मुकेश पर आरोप है कि वह फेसबुक के माध्यम से मोदी आहार का मजाक उड़ा रहा है और इसका दुष्प्रचार कर रहा है। उसने मोदी आहार की तुलना कपिला पशु आहार से की है। ऐसा करके उसने समाज में विद्वेश फैलाने का प्रयास किया है।
इससे नाराज भलझर धरवाडीह गांव निवासी नवल किशोर राय ने मुकेश के खिलाफ जसीडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के बीच प्रशासन के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठन गरीब व मजदूर लोगों की मदद कर रहे हैं। इसके बावजूद मुकेश लगातार दुष्प्रचार कर रहा है। दर्ज मामले के आलोक में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसके सोशल मीडिया अकाउंट की पड़ताल की जा रही है।
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर मामला दर्ज किया गया है। दर्ज मामले के आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल उसके सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की जा रही है। -डीएन आजाद, थाना प्रभारी