देवघर में 15 साल पहले हुई थी शादी, अब फंदे से लटका मिला महिला का शव; भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
देवघर के रढ़िया गांव में एक महिला का शव फंदे से लटका मिला है। मृतका के भाई ने पति पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।

फंदे से लटका मिला महिला का शव (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
देवघर में महिला का शव घर में फंदे से लटका मिला।
भाई ने पति पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, देवघर। जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के रढ़िया गांव में एक महिला की उसके पति के द्वारा दहेज के लिए हत्या कर देने का आरोप लगाया गया है। हालांकि मृतका का शव घर में लटका हुआ मिला है।
इस मामले में मृतका रेणु देवी के भाई विजय कुमार ने बताया कि उसके बहन की शादी 15 वर्ष पहले दिलीप तांती से हुई थी। इस शादी से उन्हें दो बच्चा भी है। दिलीप दिल्ली में रहकर खाना बनाने का काम करता है।
दहेज के लिए पति कर रहा था प्रताड़ित
विजय का आरोप है कि उसकी बहन को दहेज के लिए उसके पति व अन्य के द्वारा प्रताड़ित किया जाता था। उसके साथ मारपीट किया जाता था। उसकी बहन ने कई बार इस बारे में जानकारी भी दी थी।
जानकारी मिलने पर वे लोग वहां जाते थे। समझा बुझाकर चले आते थे। उसके बाद उसका पति भी काम पर दिल्ली चला जाता था। आरोपित एक दिन पहले ही आया था। उसके बाद नशा करने के बाद मारपीट कर उसकी बहन की हत्या कर दी।
पुलिस कर रही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
आरोप है कि पैसा की मांग की जा रही थी। मांग पूरा नहीं करने पर भी उसकी पति द्वारा मारपीट कर हत्या कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर रिखिया थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस को मामले में किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही ये स्पष्ट हो पाएगा कि उसकी हत्या हुई या फिर उसने आत्महत्या कर ली है। हालांकि प्रथमदृष्टया ये मामला आत्महत्या कर लग रहा है।
