यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 30, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गे माय चंद मुखी सन गौरी हमर छै, सूर्य करित जमाई
गे माय चंद्रमुखी सन गौरी हमर छै सूर्य करित जमाई गे माय हमरो मनोरथ ध्यवोन बूझल बूढ़ बड़ आनल तू लाय हमरो करम में ऐह वर लिखल लिखल मिटल नहीं जात.।

देवघर : गे माय चंद्रमुखी सन गौरी हमर छै, सूर्य करित जमाई, गे माय हमरो मनोरथ ध्यवोन बूझल, बूढ़ बड़ आनल तू लाय, हमरो करम में ऐह वर लिखल, लिखल मिटल नहीं जात.। एक दूसरा गीत- सूरसा सन मुख बाए बराती, टक-टक ध्यान लगौने छै, निर्धन कन्या के जीवन क फांसी प लटकौने छै.। फिर तीसरा गीत - कनि-कनि अहां सोचिअऊ मिथिला केना सुधरैतीन, बइठल चौराहा पर डमरू बजावै छै. और चौथा शिवजी से पूछे हिमाचल की नारी बता दे जोगिया कैसे रखबो गौरी के..। देवघर के चारों ओर अभी मिथिला का यह गीत कन-कन में गूंज रहा है। बसंत पंचमी पर बुधवार की देर रात से ही मिथिलांचल से आए श्रद्धालु खास तौर पर महिलाएं मैथिली में गीत गाकर तिलकोत्सव की अलख जगाती रहीं। गुरुवार को भी बाबा धाम तिलक की गीत से गूंजता रहा। देवघर के आर मित्रा स्कूल परिसर में गुरुवार को तिलक गीत गा रहीं सरोज देवी झा जनकपुर से आयी हैं। बताती हैं कि एक दशक से आ रही हैं बाबा धाम। कष्ट की परवाह नहीं क्योंकि बैद्यनाथ से मिथिलांचल की रिश्तेदारी है। कहती हैं कि तिलकोत्सव में मैथिलि गीत गाने की परंपरा बहुत पुराना है और इस परंपरा का निर्वहन बखूबी किया जा रहा है। इन गीतों में गौरी की कोमलता, सुंदरता, शिव के रूपों की चर्चा के अलावा दहेज जैसी कुप्रथा पर भी प्रहार है। इनके साथ गीता झा भी आयीं हैं। कहती हैं कि मिथिलावासी रिश्तेदारी के संग परंपरा को बखूबी निभाना जानते हैं। इसलिए शिव के तिलकोत्सव में कोई कमी रहने का सवाल ही कहां है। तिलकोत्सव में हम लोग उनका प्रिया भांग, धतूरा, पान-मखाना, घी, अन्न व गंगाजल साथ लेकर आते हैं। गीता कहती हैं कि शिव के नाम से ही तमाम कष्ट दूर हो जाता है।
विधि-विधान का अनुपालन करते हैं मिथिलांचल के श्रद्धालु : बसंत पंचमी पर शिव का तिलकोत्सव करने आने वाले मिथिलांचल के लोग विधि-विधान का पूरा पालन करते हैं। देवघर के आर मित्रा स्कूल परिसर में जनकपुर से 100 लोगों के साथ आए टीम के सरदार धिरेंद्र झा कहते हैं दो दशक से आ रहे हैं। इससे पूर्व उनके पूर्वज आते थे। घर से त्रियोदशी के दिन ही निकल जाते हैं। मान्यता के मुताबिक सुल्तानगंज से गंगाजल का उठाव माघ अमावस्या को ही करना तय है। तिलकोत्सव के लिए दो पात्र में गंगा जल लिया जाता है। गंगा जल उठाकर पैदल कांवर यात्रा कर देवघर आते हैं और चौठी को एक पात्र का जल बतौर सलाली चढ़ाया जाता है और दूसरे पात्र का जल बसंत पंचमी को चढ़ाने की परंपरा का निर्वहन किया जाता है। धिरेंद्र बताते हैं इसके बाद भैरव पूजा करना जरूरी है जो पष्ठी को किया जाता है। भैरव पूजा सुल्तानगंज में जल उठाने के दौरान भी करना आवश्यक है। सुल्तानगंज में भैरव पूजा करने के उपरांत श्रद्धालु पूरे विधि-विधान से बंध जाते हैं और देवघर में दोबारा भैरव पूजा करने के बाद इससे मुक्त होते हैं। इसके बाद श्रद्धालु देवघर से कूच करते हैं और बिहार के सिमरिया में गंगा स्नात करने के बाद इस पूरी यात्रा को संपन्न करते हैं। इस दल में शामिल अर्जुन झा, चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह, बसंत कुमार शर्मा समेत कई श्रद्धालु कहते हैं कि शिव का तिलकोत्सव मिथिलावासियों के लिए अहम है और इस परंपरा का निर्वहन वर्षों से हो रहा है।
मनोकामना पूरा करने वाले हैं देवों में देव महादेव : इधर आरएल सर्राफ स्कूल परिसर में भैरव पूजा और गुलाल खेलने में मगन सीतामढ़ी के रामपुर पचासी गांव से 150 श्रद्धालुओं के साथ आए सुरेंद्र यादव ने कहा कि 30 साल से लगातार आ रहे हैं। इस दल के खजांची रामसेवक यादव 51 साल से आ रहे हैं। कहा कि देवों में देव महादेव मनोकामना पूरा करने वाले हैं। इसलिए पांव-पैदल ही 16 दिनों की लंबी यात्रा करके आते हैं। तिलक चढ़ाके बराती में आने का न्यौता देकर लौट रहें हैं और संभव हुआ तो शिव की बराती में फिर से बाबाधाम आएंगे ही.।