संदिग्ध चार लोगों को लिया हिरासत में
देवघर : बमबम बाबा पथ निवासी सुजीत कुमार सिन्हा हत्याकांड के नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी
देवघर : बमबम बाबा पथ निवासी सुजीत कुमार सिन्हा हत्याकांड के नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए बिहार स्थित उनके ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली है। वहीं एसडीपीओ विकास चंद्र श्रीवास्तव व नगर इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो के नेतृत्व में कई इलाके में छापेमारी की जा रही है। इसी मामले में पुलिस ने चार लोगों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है। उनसे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। बताया कि चारों का संबंध आरोपितों के साथ रहा है। घटना में उनकी कितनी सहभागिता है, इसका भी पता लगाया जा रहा है।
चार लोगों को बताया नामजद आरोपित
नगर थाना में मृतक की पत्नी ¨पकी सिन्हा के बयान पर बिहार के जमुई जिला के खैरा थाना क्षेत्र के धर्मपुर निवासी नीरज कुमार सिन्हा, सुमित कुमार सिन्हा, अंजनी कुमार सिन्हा व राधे मांझी को आरोपित बनाया गया है। उनका कहना है कि वह अपने देवर नन्हें राजेश के साथ छत पर बैठकर चाय पी रही थी। इसी दौरान शाम 5:30 बजे उनका पति मोटरसाइकिल से घर आए तो देखा कि उन्हें तीन व्यक्ति घेर कर खड़ा है। जिसमें नीरज कुमार सिन्हा ने पिस्तौल उनके पति के कनपटी पर सटाया हुआ था। अन्य दोनों आरोपितों (सुमित व राधे) ने उन्हें पकड़ कर रखा था। इसी दौरान नीरज ने उन्हें गोली मार दी। तीनों आरोपितों को बाइक से भागते देखा। स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से उन्हें सदर अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना का कारण के बारे में बताया कि रिखिया थाना क्षेत्र स्थित चिरोडीह में जमीन को लेकर पूर्व से विवाद चल रहा था। इसी को लेकर अंजनी कुमार सिन्हा उर्फ बिटु लाल ने एक साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया है। इस साजिश में उनका दोनों पुत्र (सुमित व नीरज) व राधे शामिल है।
तीन डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम
डॉ. विजय कुमार की अगुवाई में डॉ. सीके शाही व डॉ. दिवाकर पासवान ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के दौरान सिर में गोली नहीं मिली। गोली सिर के अंदर होने की आशंका को लेकर एक्स-रे भी कराया गया था लेकिन रिपोर्ट में भी गोली अंदर फंसे होने की बात सामने नहीं आई। मृतक के बायीं ओर सुराख पाया गया। जिसको लेकर आशंका व्यक्त की जा रही है गोली दाहिने कनपटी से होते हुए बायीं कनपटी से बाहर निकल गई।