जसीडीह-दुमका सवारी गाड़ी पर पथराव
जसीडीह-दुमका मुख्य रेलखंड के देवघर स्टेशन समीप सवारी गाड़ी पर पथराव से एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।
जसीडीह : जसीडीह-दुमका मुख्य रेलखंड के देवघर स्टेशन समीप सवारी गाड़ी पर पथराव से एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, कुंडा निवासी दुमका सदर अस्पताल में कार्यरत कर्मी वरुण कुमार दुबे जसीडीह दुमका सवारी (53532) में सवार होकर दुमका जा रहा था। इसी दौरान रेलवे ओवरब्रिज के समीप कुछ असामाजिक तत्वों ने ट्रेन पर पथराव करना शुरू कर दिया जिससे उनके हाथ में पत्थर लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को दुमका सदर अस्पताल में उनके सहयोगियों ने इलाज कराया। घटना के संबंध में पीड़ित ने बताया कि वे दुमका सदर अस्पताल प्रतिदिन इसी ट्रेन से आना-जाना करते है। पिछले एक सप्ताह से लगातार असामाजिक तत्वों की ओर से इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। इसकी जानकारी दुमका रेल पुलिस को मौखिक रूप से पूर्व में दी गई थी। लेकिन किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। पत्थरबाजी की घटना में दुमका निवासी दो अन्य छात्रा आंशिक रुप चोटिल हो गई थी। इस संबंध में जब आरपीएफ इंस्पेक्टर मानस कुमार मिश्रा से पूछा गया तो उन्होंने किसी प्रकार की जानकारी से साफ इन्कार कर दिया। गौरतलब है कि पूर्व भी मोहनपुर और चांदन स्टेशन के समीप के पत्थरबाजी की घटना हुई थी। पुलिस के अनुसार गाय चराने के दौरान किशोरों की ओर से इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया था।