चंदन के सिर पर रखा सोनू सूद ने हाथ
जागरण संवाददाता देवघर फिल्म अभिनेता अपनी कुशल अदाकारी और सामाजिक कार्यों के कारण
जागरण संवाददाता, देवघर :
फिल्म अभिनेता अपनी कुशल अदाकारी और सामाजिक कार्यों के कारण सुर्खियों में रहते हैं। लॉकडाउन के दौरान दूसरे राज्यों में फंसे लोगों को घर तक पहुंचाने, भूखों को खाना खिलाने, इलाज कराने में उन्होंने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया है। इस बार शुक्रवार को उन्होंने देवघर के जरूरतमंद छात्र चंदन कुमार राय की आर्थिक मदद की है।
10वीं का छात्र चंदन कुमार राय मूल रूप से सारठ थाना क्षेत्र के देवान डुमरिया गांव का रहने वाला है। तीन वर्ष की उम्र में ही उसके सिर से पिता का साया उठ गया। उसकी मां ने चंदन व उसके बड़े भाई को पढ़ाने की ठानी। आर्थिक हालत खराब होने के कारण वह देवघर के जागृति नगर स्थित अपने नाना के घर पर रहने लगा। नाना ने उसे देवघर पब्लिक स्कूल में दाखिला दिलवा दिया। उसके नाना शिक्षक थे और वहीं उसका खर्च उठा रहे थे। लेकिन सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें भी परेशानी होने लगी।
चंदन ने काफी समय से स्कूल की फीस नहीं दी थी। फॉर्म भरने में भी काफी खर्च था। चंदन मायूस हो गया। उसके किसी दोस्त ने उसे सोनू सूद के बारे में बताया और कहा कि उनसे संपर्क करने पर मदद मिल सकती है। चंदन ने सोनू सूद को ट्वीट किया। जबाव नहीं आया फिर भी चंदन ने प्रयास नहीं छोड़ा। उसने नंबर जुगाड़ कर सोनू सूद के एक सहयोगी से बात की। उसके बाद सोनू सूद से संपर्क हुआ। उन्हें अपनी परेशानी बताई। उसके बाद उससे आधार कार्ड, उसके पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र, स्कूल के बारे में विस्तृत जानकारी व पढ़ाई के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई। जब सोनू सूद व उनकी टीम संतुष्ट हो गई तो देवघर पब्लिक स्कूल के बैंक खाता की जानकारी ली। उस खाते में सोनू सूद ने शुक्रवार को ऑनलाइन दस हजार जमा करा दिया। इस तरह चंदन की पढ़ाई में आ रही अड़चन झटके में दूर हो गई। चंदन ने ट्वीट कर सोनू सूद को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि एक दिन जब तुम दूसरों की मदद करने के काबिल बन जाओ।
आइएएस अधिकारी बनना चाहता है चंदन : चंदन आइएएस अधिकारी बनना चाहता है। देवघर पब्लिक स्कूल के प्राचार्य राकेश श्रीवास्तव, सचिव संतोष सिन्हा ने बताया कि चंदन शुरू से पढ़ने में काफी तेज है।