नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, संचालक फरार
देवघर उत्पाद विभाग की ओर से सोमवार को छापेमारी कर खिजुरिया में नकली मसालेदार देसी श
देवघर : उत्पाद विभाग की ओर से सोमवार को छापेमारी कर खिजुरिया में नकली मसालेदार देसी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। मौके से फैक्ट्री के सभी तीन संचालक फरार थे। यहां से 20 लीटर स्प्रिट, 25 लीटर केरामल व एक पंचिग मशीन के अलावा पांच बंडल झारखंड एक्साइज का स्टीकर, 20 बंडल कार्टून व दस खाली जार बरामद हुई है। इस संबंध में उत्पाद अवर निरीक्षक कुंदन कौशल ने कहा कि चार अप्रैल को मारगोमुंडा प्रखंड के चरपा गांव में नकली शराब फैक्ट्री के भंडाफोड़ के दौरान ही इस मिनी फैक्ट्री के बारे में जानकारी मिली थी। इसी आधार पर छापेमारी की गई। यह मिनी फैक्ट्री खिजुरिया में मुकेश वर्मा के घर में चल रही थी। मौके से मुकेश वर्मा के अलावा अन्य दो संचालक रितेश यादव व विकास कुमार फरार थे। इनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी टीम में उत्पाद अवर निरीक्षक कुंदन कौशल के नेतृत्व में उत्पाद अवर निरीक्षक कांग्रेस कुमार, रामदेव पासवान, चंद्रभूषण पांडे व रुपेश कुमार शामिल थे। धड़ल्ले से बन रही नकली शराब
देवघर में नकली शराब बनाने का कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। बीते छह दिनों के अंदर नकली शराब की दो फैक्ट्रियों का पकड़ा जाना इसी ओर इशारा कर रहा है। बीते चार अप्रैल को मारगोमुंडा प्रखंड चरपा में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया था। इसके पूर्व देवीपुर में भी नकली शराब बनाने की फैक्ट्री मिली थी। जबकि शहर से सटे साप्तर में भी छापेमारी कर नकली शराब की फैक्ट्री से भारी मात्रा में नकली शराब बनाने का सामान बरामद किया गया था। कहना नहीं होगा कि कमाई के चक्कर में लोगों के सेहत व जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है।