रेवा हत्याकांड का आरोपित धनबाद से गिरफ्तार
संवाद सूत्र जसीडीह (देवघर) रेवा राणा हत्याकांड मामले में फरार आरोपित जसीडीह थाना क्ष्
संवाद सूत्र, जसीडीह (देवघर) : रेवा राणा हत्याकांड मामले में फरार आरोपित जसीडीह थाना क्षेत्र के माधवपुर गांव निवासी राज किशोर यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित को शनिवार रात धनबाद के पुटकी थाना क्षेत्र स्थित सीसीएल क्वार्टर से गिरफ्तार किया गया है। उसे जसीडीह थाना लाया गया। यहां सारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा। आरोपित के धनबाद में किसी रिश्तेदार के घर में छिपे होने की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर डीएन आजाद के निर्देश पर एएसआइ सच्चिदानंद सिंह व उनकी टीम धनबाद पहुंची। जहां स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
बता दें कि 22 फरवरी को जमीन विवाद को लेकर रेवा राणा की हत्या गोली मारकर कर दी गई थी। रेवा की हत्या के लिए शूटरों को चार लाख रुपये दिए गए थे। मामले में अब तक इस हत्याकांड में शामिल चार आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें कमल यादव, फुटुश , दीपक यादव व वकील यादव शामिल है। हालांकि मामले में कई अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस फरार आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।