पाठ योजना तैयार कर निष्ठा से छात्रों को पढ़ाएं
कक्षावार पाठ्यक्रम को ध्यान में रखते हुए पाठ योजना तैयार कर पूरी निष्ठा से छात्रों को पढ़ाएं और छात्रों का मूल्यांकन कर उचित सलाह दें।
चितरा : डीएवी संताल परगना प्रक्षेत्र के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. बीपी यादव ने शनिवार को ऑनलाइन पढ़ाई कैसे सुचारू रूप से हो, इसे लेकर अपने प्रक्षेत्र के प्राचार्यो के साथ ऑनलाइन बैठक की। इस दौरान ऑनलाइन वर्चुअल शिक्षण प्रणाली व अपडेट पाठ्यक्रम पर चर्चा करते हुए कहा कि कक्षावार पाठ्यक्रम को ध्यान में रखते हुए पाठ योजना तैयार कर पूरी निष्ठा से छात्रों को पढ़ाएं और छात्रों का मूल्यांकन कर उचित सलाह दें। 29 व 30 मई को नई तकनीक के माध्यम से शिक्षण पद्धति को सरल बनाने को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विषयवार समंवयक नियुक्त किए गए हैं। इसके तहत गणित के लिए प्राचार्य अजय कुमार सिंह, विज्ञान प्राचार्य डॉ. विजय कुमार, सामाजिक विज्ञान के लिए प्राचार्य जीएन खान तथा हिदी व संस्कृत के लिए प्राचार्य अनिल कुमार पांडे को समन्वयक बनाया गया है। इसके लिए शिक्षक विषयवार अपनी आवश्यकतानुसार सूची यथाशीघ्र प्रेषित करें, ताकि कार्यशाला में विशेष रुप से चर्चा की जा सके। सत्र 2020-21 के लिए कक्षा एल केजी से आठवीं तक के पाठ्यक्रम को लेकर भी चर्चा हुई। तत्पश्चात विषयवार टीम का गठन किया गया जिसमें प्राचार्य अनिल कुमार को हिदी एवं संस्कृत, प्राचार्य डॉ. विजय कुमार यादव को गणित, प्राचार्य अजय कुमार सिंह को विज्ञान, प्राचार्य जीएन खान को सामाजिक विज्ञान तथा प्राचार्य एसएन सिंह को अंग्रेजी विषय के पाठ्यक्रम के समीक्षा की जिम्मेवारी दी गई।