कुपोषण को दूर करने के लिए लें संतुलित आहार
कार्यक्रम में 8 महिलाओं की गोद भराई दर्जनों बच्चों को अन्नप्राशन कराया गया।
संवाद सूत्र, पालोजोरी: प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को प्रखंडस्तरीय पोषण माह कार्यक्रम आयोजित हुआ। उद्घाटन प्रमुख सीताराम टुडू, उपप्रमुख हैदर अली, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी कुमारी ऋतु ने किया। कार्यक्रम में पोषण माह के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। विकास परियोजना पदाधिकारी कुमारी ऋतु ने पोषण माह के तहत कुपोषण के संभावित खतरों से बचाव व विभाग द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि कुपोषण बड़ी समस्या है इस समस्या से लड़ने के लिए सामूहिक प्रयास की दरकार है। महिलाओं को विभाग की योजनाओं की जानकारी रहे इसके लिए उन्हें शिक्षित होने के साथ-साथ जागरूक होने की जरूरत है। सरकार के स्तर से कई ऐसी महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई जा रही हैं जो सिर्फ महिला, नवजात व किशोरियों के लिए संचालित है। लाभुक वर्ग को इससे जुड़ने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में 8 महिलाओं की गोद भराई , दर्जनों बच्चों को अन्नप्राशन कराया गया।
वही कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा पोषण गीत गाकर जागरूक किया गया। इसके पश्चात छात्राओं के बीच रंगोली, पेंटिग, प्रश्नोत्तरी व भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को बाल विकास परियोजना पदाधिकारी कुमारी ऋतु ने पठन-पाठन की सामग्री देकर सम्मानित किया। मौके पर प्रमुख सीताराम टुडू, उप प्रमुख हैदर अली, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी कुमारी ऋतु, डॉ मंजूर आलम, तेजस्विनी,अंजनी देवी, रेखा कुमारी सहित अन्य उपस्थित थे।