चार व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में आयकर सर्वे
जागरण संवाददाता देवघर मंगलवार को आयकर विभाग की चार टीमों ने शहर के चार व्यवसायिक प
जागरण संवाददाता, देवघर : मंगलवार को आयकर विभाग की चार टीमों ने शहर के चार व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में पहुंचकर सर्वे किया। संयुक्त आयुक्त आयकर प्रदीप कुमार विश्वास व सहायक आयुक्त आयकर एस भट्टाचार्या के निर्देश पर टीम यहां के बंबई स्टोर, रंगोली कपड़ा दुकान, अमर एंड संस कंस्ट्रक्शन कंपनी व सत्संग नगर इलाके में स्थित संजीवन इंटरप्राइजेज में पहुंचकर सर्वे किया है। सर्वे टीम में देवघर, गिरिडीह व साहिबगंज जिले के आयकर पदाधिकारियों को शामिल किया गया है।
आयकर विभाग को जो जानकारी मिली थी कि इन प्रतिष्ठानों से अपेक्षा से कम कर दिया जा रहा है। इन प्रतिष्ठानों की ओर से विभाग को अब तक सही जानकारी नहीं दी जा रही थी। शक के आधार पर सर्वे करने का निर्णय लिया गया है। सर्वे के दौरान मौजूद स्टॉक, कैश व बही खाता का आवलोकन किया जा रहा है। सर्वे का काम देर रात तक चलने की उम्मीद है उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। टीम में आइटीओ सुनील कुमार चौधरी, केदारनाथ, रंजन गर्ग, आरआर झा, आयकर इंस्पेक्टर राजकुमार, प्रमोद कुमार पंडित, नीरज कुमार, निलेश कुमार आदि शामिल हैं।
................. चार व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में आयकर का सर्वे चल रहा है। ये काम देर रात तक चलने की उम्मीद है। उसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इनके द्वारा कर की चोरी की जा रही है या नहीं। अगर कर की चोरी हो रही है तो कितना है। संभव है कि सर्वे के बाद एडवांस टैक्स की राशि बढ़े।
प्रदीप कुमार विश्वास, संयुक्त आयकर आयुक्त, देवघर।