पत्नी से कहा, धर्म परिर्वतन करो वरना जमीन में दफना देंगे
एक व्यक्ति ने मुस्लिम महिला के साथ अपना नाम बदल कर निकाह कर लिया।
सहयोगी, सारठ (देवघर)। सारठ प्रखंड क्षेत्र की एक बेटी पूनम ने मंगलवार को महिला थाना को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। बताया कि पति ने एक मुस्लिम महिला के साथ अपना नाम बदल कर निकाह कर लिया है। बाद में उस पर भी धर्म परिवर्तन करने का दबाव दिया जाने लगा।
बात नहीं मानने पर दस दिनों तक कमरे में कैद रखा और जमीन में दफना देने की बात कही। 29 अक्टूबर को किसी तरह कैद से भागकर सारठ अपने मायके पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। पूनम ने कहा कि पति, ससुर व ननद ने दहेज की खातिर प्रताडि़त कर दो बच्चों के साथ घर से निकाल दिया है।
दस्तावेज से हुआ पति के धर्म परिवर्तन का खुलासा
पूनम ने बताया कि दीपावली के दिन पति ने घर में दीया जलाने और घर में पूजा-पाठ करने से मना कर दिया। पति का बदला व्यवहार समझ में नहीं आया। 21 अक्टूबर को बच्चों का आधार कार्ड खोजने के क्रम में एक ऐसा दस्तावेज पूनम के हाथ लगा कि उनके पैर के नीचे से जमीन खिसक गई।
दस्तावेज में पति पवन कुमार साह सोहेल खान बन चुका था। उसने 30 जून को ही जूही बीबी पिता इलियास खान ग्राम सोनारायठाढी के साथ निकाह कर लिया था। पूनम ने दस्तावेज अपने ससुर फूलेश्वर साह तथा ननद गीता देवी को पढ़कर सुनाया।
पति के घर आने पर जब पूछा तो उसने कहा कि जब सब मामला जान ही गई हो तो तुम भी धर्म बदलकर मुस्लिम बन जाओ, नहीं तो घर के अंदर दफना देंगे। ननद ने भी कहा कि धर्म बदलो या आत्महत्या कर लो। इसके बाद एक कमरे में कैद कर दिया गया। कई बार जूही बीबी व अन्य महिला ने आकर धर्म बदलने का दबाव दिया। इसी बीच 29 अक्टूबर जिस कमरे में उसे रखा गया था, उसमें ताला लगाना वे भूल गए।
मौका पाकर वहां से भागते हुए सारठ आ गई। पूनम ने बताया कि उसकी शादी 2006 में हुई थी। शादी के बाद एक पुत्र व एक पुत्री को जन्म दिया। पिछले आठ माह से ससुरालवाले दहेज में 50 हजार रुपये की मांग पर प्रताडि़त करने लगे। दो जुलाई को ससुरालवालों ने मारपीट कर उसे दोनों बच्चों के साथ घर से निकाल दिया।
---
मामला वर्द्धमान जिला पश्चिम बंगाल से जुड़ा है। संबंधित थाने में मामला भेज दिया गया है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
-एनडी राय, थाना प्रभारी, सारठ।
यह भी पढ़ेंः प्रेमिका ने साथ रहने के लिए किया बाध्य तो पत्नी का गला घोंट दिया