Jharkhand : छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म व हत्या मामले में चारों आरोपित गिरफ्तार, पूछताछ में कबूला जुर्म Deoghar News
नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को सरैया जंगल में छात्रा का शव बरामद हुआ था।
देवघर, जेएनएन। जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के सरैया जंगल में एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने शनिवार को चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों ने भी अपना गुनाह कबूल कर लिया है। बता दें कि शुक्रवार को जगंल से लड़की का शव मिला था, तब उसके शरीर पर कई जख्म के निशान थे। शव मिलने के बाद से ही पुलिस इस मामले में जांच में जुटी थी।
एसडीपीओ विकास चंद श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मोहनपुर थाना क्षेत्र से चारों आरोपितों रीतलाल यादव, विष्णु यादव, जितेंद्र यादव और भवेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि घटना के संबंध में छात्रा के पिता के बयान पर हत्या व दुष्कर्म की धाराओं के तहत गिरफ्तार विष्णु, रीतलाल और जागेश्वर यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। हालांकि छानबीन के दौरान पता चला कि इस कांड में दो अन्य युवक भी शामिल हैं। वहीं इस घटना में जागेश्वर की कोई भूमिका नहीं है। इस कारण उसे छोड़ दिया गया।
पुलिस पूछताछ के दौरान पता चला कि रीतलाल और विष्णु पहले से छात्रा के संपर्क में थे। बुधवार को छात्रा जब साइकिल से दर्जी के पास जाने के लिए घर से निकली तो इन दोनों ने उसका पीछा किया। रास्ते में बाइक पर सवार जितेंद्र और भवेश भी मिले। इन चारों ने मिलकर छात्रा को रोका और बीच जंगल में ले गए। वहां चारों ने बारी-बारी से छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान छात्रा ने घर और गांव वालों को सारी बात बताने की धमकी दी। इसके बाद उन लोगों ने पहले उसे काफी पीटा और फिर भेद खुल जाने के डर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। फिर शव को वहीं जंगल के झाड़ियों के बीच फेंक दिया। साइकिल को भी वहीं छोड़ दिया। उसके बाद सभी भाग गए।
जितेंद्र के खिलाफ पूर्व में छिनतई का मामला दर्ज है : इसी बीच शुक्रवार को शव मिलने के बाद पुलिस ने छानबीन तेज की। पूछताछ के दौरान रीतलाल व विष्णु का छात्रा से पूर्व से संपर्क होने की बात सामने आई तो पुलिस ने दोनों को पकड़ा। दोनों से सख्ती से पूछताछ की गई तो सारा मामला सामने आ गया। पुलिस इन सभी का अपराधिक रिकॉर्ड भी तलाश रही है। जितेन्द्र के खिलाफ पूर्व में छिनतई का मामला दर्ज है।
शरीर पर जानवरों के नोंचने का निशान : छात्रा का जब शव बरामद हुआ तो कई जगह जख्म के निशान थे। जिसे देखकर लगा कि उसे धारदार हथियार से मारा गया है, लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि उसकी गला दबा कर हत्या की गई है। शरीर पर जो जख्म के निशान थे वे जानवरों द्वारा शव को नोंचे जाने से बने थे। साथ ही शव दो दिन पुराना हो जाने के फुल गया था।