जरूरतमंदों की सेवा में जुटे पूर्व मंत्री
कोरोना में लॉकडाउन के दौरान आम लोगों खासकर गरीब व मजदूरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मधुपुर : कोरोना में लॉकडाउन के दौरान आम लोगों खासकर गरीब व मजदूरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुश्किल के इस दौर में सारठ विधायक सह पूर्व कृषि मंत्री रणधीर कुमार सिंह ने जरूरतमंदों की मदद का बीड़ा उठाया है। सहरजोरी स्थित अपने आवास से वे लोगों के बीच अनाज व खाने पीने की सामग्री बटवा रहे हैं। विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के 64 पंचायतों के करीब 20 हजार जरूरतमंद परिवार के बीच चावल, आंटा, दाल व जुड़ा का वितरण किया जा रहा है। खासकर उन लोगों को की जा रही है जिनके पास राशन कार्ड नहीं है और सरकारी मदद अब तक नहीं पहुंच पाई है। विधायक ने कहा कि अनाज का भंडारण इस तरह किया जा रहा है कि जरूरत पड़ी तो छ: माह तक जरूरतमंदों के बीच राशन पहुंचाया जा सके। साथ ही सारठ विधानसभा क्षेत्र के जो मजदूर दूसरे राज्यों में फंसे हैं उनकी आर्थिक मदद के साथ ही स्थानीय प्रशासन व लोगों से संपर्क कर उनकी जरूरतों को पूरा करने का प्रयास भी जारी है। राशन वितरण के दौरान शारीरिक दूरी का भी ख्याल रखा जा रहा है। वहीं चितरा संवाददाता के अनुसार विधायक द्वारा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मास्क व सैनिटाइजर बांटा जा रहा है। अब तक 25 हजार लोगों के बीच यह सामग्री बांटी गई है।