Move to Jagran APP

Deoghar: गैस बंद न करने की भूल पड़ी भारी, बस्ती में आग लगने से छीना सफाईकर्मियों का आशियाना, लाखों का नुकसान

fire accident in Deoghar देवघर के क्लब ग्राउंड के पास झुग्गी में आग लगने से 12 से अधिक घर जल गए। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने तीन घंटे में आग पर काबू पाया। अब पीड़ित प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं।

By Jagran NewsEdited By: Roma RaginiSun, 29 Jan 2023 01:31 PM (IST)
Deoghar: गैस बंद न करने की भूल पड़ी भारी, बस्ती में आग लगने से छीना सफाईकर्मियों का आशियाना, लाखों का नुकसान
देवघर में सफाई कर्मियों की बस्ती में लगी आग

जागरण संवाददाता, देवघर। नगर थाना क्षेत्र के क्लब ग्राउंड के पास झुग्गी में रविवार सुबह तीन बजे भीषण आग लग गई। आगजनी में 12 से अधिक सफाईकर्मियों का आशियाना जलकर खाक हो गया। इसके साथ ही कई बकरी और जानवरों की आग की चपेट में आने से मौत हो गई।

स्थानीय निवासी जितेन्द्र धपरा ने बताया कि उसका पड़ोसी भीमा धपरा बीमार है और अस्पताल में भर्ती है। उसे गरम पानी की जरूरत थी। जितेंद्र पानी गरम करने घर आया था। उसने पानी गरम करने के लिए चूल्हा जलाया लेकिन वह गैस बंद करना भूल गया। वह घर बंद करके अस्पताल चला गया। जिसके बाद उसके घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग आसपास के घरों में फैल गई।

प्लास्टिक और बांस के बने थे घर

सभी घर प्लास्टिक और बांस के सहारे बनी हुई थी। इसी कारण आग तेजी से भड़क गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का ठीक से मौका नहीं मिला। लोग बच्चों के साथ किसी तरह घर से बाहर दौड़कर निकले और सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद आग को काबू में किया गया। अगर दमकल की गाड़ी को आने में थोड़ी और देर हुई होती और भी घर इस आग की चपेट में आ जाते।

आग काबू में आने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। हालांकि, इस दौरान किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर सुबह नगर निगम के सीईओ शैलेन्द्र कुमार लाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने अपनी परेशानी उनके समक्ष रखी।

पीड़ितों ने लगाई मदद की गुहार

स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके पास न तो खाने का कुछ है और न ही रहने का ठिकाना। सीईओ ने कहा कि मानवीय आधार पर जितना भी मदद हो पाएगा, नगर निगम प्रशासन की ओर से किया जाएगा। वहीं, तत्काल इन सफाई कर्मियों के रहने का इंतजाम पास के रैन बसेरा और सामुदायिक भवन में किया गया है। वहीं सरकार के स्तर पर मदद दिलाने के लिए अपने स्तर पर वे हर संभव प्रयास करेंगे।

इन लोगों का घर जला

आग लगने से जिन लोगों का घर जला उनमें भीमा धपरा उर्फ बेंगा, किशन धपरा, कंचन देवी, राजीव धपरा, मुन्ना धपरा, मिरवा देवी, रोहिता धपरा, रंजीत धपरा, बेबिया देवी, सागर धपरा, नीलम देवी शामिल हैं। ये सभी सफाई कर्मी हैं और देवघर नगर निगम से जुड़े हुए हैं। ये लोग क्लब ग्राउंड की जमीन पर झुग्गी बनाकर रहते हैं।

एक दर्जन घरों के सामान जले

आग में एक दर्जन लोगों के घर में रखा टीवी, पंखा, कपड़ा, नकदी, गहना, अनाज, बर्तन, बिछावन आदि जल गया। एक दर्जन से अधिक साइकिल और एक स्कूटी भी आग की भेंट चढ़ गया। वहीं कई बकरी और कुत्ता की मौत आग की चपेट में आने से हो गई।