होटल में दो घंटे के लिए कमरा लिया, महिला की हत्या कर भागा
जसीडीह (देवघर) : जसीडीह के होटल हील व्यू में एक महिला की उसी की साड़ी से गला दबाकर हत्य
फोटो 29 डीईओ 022,38 संवाद सहयोगी, जसीडीह (देवघर) : जसीडीह के होटल हील व्यू में एक महिला की उसी की साड़ी से गला दबाकर हत्या कर दी गई। मंगलवार को कमरा नंबर 201 में उसका शव मिला। उसकी उम्र 45 साल के करीब होगी। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।
हत्या के बाद उसके साथ आया व्यक्ति ट्रेन का पता लगाने के बहाने फरार फरार हो गया। उसने दो घंटे के लिए कमरा बुक कराया था। छानबीन को पहुंची पुलिस टीम को कमरे से महिला की पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। एक झोला मिला जिसमें उसका कपड़ा है।
छानबीन में पता चला कि कमरे देने के लिए होटलकर्मियों ने उनसे कोई पहचान पत्र नहीं लिया। होटल का विजिटर रजिस्टर भी गायब मिला। पुलिस ने इस मामले में होटल कर्मी केमनकाठी निवासी सतवीर कुमार ¨सह व बाबुडीह निवासी विजय हांसदा को हिरासत में ले लिया है। साथ ही जांच होने तक होटल में ताला जड़ दिया है।
सोमवार रात एक बजे यह महिला एक पुरुष के साथ होटल पहुंची थी। उन्होंने कर्मियों से कहा कि उनलोगों की ट्रेन दो बजे के करीब है। कुछ देर आराम करने के लिए एक कमरा चाहिए। कर्मियों ने बगैर किसी दस्तावेज के दोनों को कमरा दे दिया। लगभग 45 मिनट बाद वह व्यक्ति ट्रेन का पता लगाने के बहाने होटल से निकला। फिर वापस नहीं आया।
एसआइ रामप्रसाद मिश्र व एएसआइ धीरेंद्र कुमार मिश्र की मानें तो होटलकर्मी ने बताया कि खोजबीन के बाद विजिटर रजिस्टर का भी पता नहीं चला। प्रबंधक दूसरे होटल का काम देखने गया था। दोनों स्टाफ ही कार्य भार का संभाल रहे हैं। आगंतुक का ब्योरा नहीं रखना होटल प्रबंधन की लापरवाही है।
----
पहली नजर में यह हत्या का मामला लगता है। महिला की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। होटल प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
विकास चंद्र श्रीवास्तव, एसडीपीओ, देवघर।