न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान बेचने में परेशानी
विभागीय अधिकारियों की उदासीनता और पैक्स अध्यक्षों की मनमानी के कारण किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान बेचने में परेशानी हो रही है।
सारठ : विभागीय अधिकारियों की उदासीनता और पैक्स अध्यक्षों की मनमानी के कारण किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान बेचने में परेशानी हो रही है। खासकर सारठ प्रखंड के सीमा से सटे सारवां प्रखंड के 14 पंचायत के किसानों से धान अधिप्राप्ति के लिए रक्ति में स्थापित धान क्रय केंद्र किसानों के लिए काफी परेशानी का कारण बन रहा है। बंदाजोरी पंचायत के नवाडीह व तेलरियां गांव के किसान विक्की कुमार राय, भोपाल राय, बबलू राय, बासुदेव राय, धीरज कुमार राय ने कहा कि पिछले 15 दिन से पैक्स अध्यक्ष के पास चक्कर लगा रहे हैं लेकिन पैक्स अध्यक्ष किसानों के साथ ठीक से बात भी नहीं करते हैं। किसानों ने कहा कि बिचौलियों की मिलीभगत से पैक्स व्यवसायी से धान लेकर बेचते हैं तथा मुनाफा कमा रहे हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी : बीसीओ राजेंद्र कुमार ने बताया कि पैक्स अध्यक्ष के बारे में कई शिकायतें मिल रही हैं। पैक्स अध्यक्ष अधिकारी का भी फोन रिसीव नहीं करते हैं। बीडीओ ने भी पैक्स अध्यक्ष आदित्य रंजन को हिदायत दिया है कि किसानों को बेवजह परेशान नहीं करें। अगर धान रखने में दिक्कत है तो प्रखंड में खाली भवन में धान रखवाएं।
जांच कराकर करेंगे कार्रवाई : जिला आपूर्ति पदाधिकारी विशाल दीप खालको ने कहा कि किसानों से धान अधिप्राप्ति सरकार की प्राथमिकता में है। अधिकारी से जांच कराकर समुचित कार्रवाई करेंगे।