झारखंड में दिखेगा चक्रवात का असर, देवघर में 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश के आसार
देवघर में 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चक्रवात के प्रभाव से भारी बारिश की संभावना है, जिससे तापमान गिरेगा और ठंड बढ़ेगी।

बारिश का कहर। फाइल फोटो
HighLights
देवघर में 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बारिश की संभावना।
चक्रवात के कारण तापमान गिरेगा, ठंड का एहसास बढ़ेगा।
रबी फसलों को लाभ, पके धान को नुकसान संभव।
जागरण संवाददाता, देवघर। आने वाले दिनों में बाबा नगरी व आसपास के इलाके का मौसम एक बार फिर से तेजी से बदलेगा। चक्रवात का असर यहां देखने को मिलेगा। इस कारण जोरदार बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुमान के तहत बंगाल की खाड़ी में बनने वाले कम दबाव के कारण देवघर व आसपास के इलाके में 29 अक्टूबर से दो नवंबर तक बारिश होने की संभावना है।
इस दौरान 29 और 30 अक्टूबर को जोरदार बारिश हो सकती है। बारिश के साथ तेज हवा भी चलने की उम्मीद है। इससे पूर्व 28 अक्टूबर से यहां के आसमान में घने बादल छाने लगेंगे।
बारिश के कारण दिन व रात का तापमान भी तेजी से नीचे जाएगा। दिन का तापमान 25 तो रात का 20 से नीचे रहने की उम्मीद है। लोगों को ठंड का एहसास भी होने लगेगा।
मौसम साफ होने के बाद खासतौर पर रात के वक्त गुलाबी ठंड का एहसास होने लगेगा। लोग अभी जो दिन के वक्त खासतौर पर तेज धूप व उमस भरी गर्मी से परेशान है उन्हें काफी राहत मिलेगी।
वहीं, बारिश के बाद यहां का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री या उससे कम हो जाएगा। वहीं अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री के बीच बना रहेगा। इस कारण सुबह और रात के वक्त हल्की ठंड महसूस होगी।
इस कारण बदलते मौसम में लोगों को देखते हुए अब लोगों को सुबह व रात के वक्त हल्के गरम कपड़ों की जरूरत पड़ सकती है। बारिश व तेजी से बदलते मौसम के दौरान लोगों को अधिक सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि मौसम के तेजी से बदलने के कारण कई तरह की बीमारी का खतरा हो सकता है।
वहीं, इस बारिश से किसानों को लाभ मिल सकता है। ये रबी और ठंड के मौसम में लगने वाली सब्जी की खेती में लाभ देगा। हालांकि धान की खेती खासतौर पर जो धान पककर तैयार हो गया है।
उसे कुछ हद तक नुकसान दे सकता है। वहीं इस बेमौसम बारिश के बाद इस वर्ष दीपावली व छठ में खासा ठंड का एहसास हो सकता है।
यह भी पढ़ें- हजारीबाग में जंगल के बीच चल रही थी अवैध आरा मिल, सुबह छह बजे वन विभाग ने मारा छापा; भारी मात्रा में लकड़ी जब्त
यह भी पढ़ें- धनबाद में जमीन विवाद में रिश्तों का खून, बाइक से जा रहे भतीजे की हत्या; चाचा और उसके भाई पर लगा आरोप
