विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवघर श्रावणी मेला 2026: शीघ्रदर्शनम भक्तों के लिए नई डेडिकेटेड लाइन, 20 जुलाई से ट्रायल

Published: Fri, 10 Jul 2026 05:40 PM (IST)

देवघर श्रावणी मेला में शीघ्रदर्शनम भक्तों के लिए 20 जुलाई से डेडिकेटेड लाइन का ट्रायल शुरू होगा, जिससे उनका समय ...और पढ़ें

बाबा बैद्यनाथधाम मंदिर देवघर में प्रवेश के लिए तैयारी हो रही नई डेडिकेटेड लाइन।(फोटो जागरण)

बाबा बैद्यनाथधाम मंदिर देवघर में प्रवेश के लिए तैयारी हो रही नई डेडिकेटेड लाइन।(फोटो जागरण)

जागरण संवाददाता. देवघर। देवघर श्रावणी मेला-2026 में श्रद्धालुओं को शीघ्रदर्शनम की डेडिकेटेड लाइन की सुविधा मिल जाएगी। इस व्यवस्था के शुरू होने पर शीघ्रदर्शनम कूपन लेकर पूजा करने वाले भक्तों का समय बचेगा। पूर्व की अपेक्षा उनका कम से कम आधा घंटा समय बच जाएगा। नये फुट ओवर ब्रिज की तैयारी भी लगभग पूरी हो चुकी है। शेड का काम होने के बाद इसका ट्रायल रन होगा।

बता दें कि 30 जुलाई से श्रावणी मेला शुरू हो रहा है। उससे दस दिन पहले यानि 20 जुलाई से डेडिकेटेड शीघ्रदर्शनम की कतार व्यवस्था शुरू करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कूपन लेकर पूजा करने वाले भक्त अब सहज महसूस करेंगे। श्रद्धालुओं की सामान्य कतार अब अलग होगी।

मंदिर प्रशासन ने मंदिर प्रांगण में एक नया फूट ओवर ब्रिज बनाया है। दोनों कतार अब तक टी प्वाइंट पर आकर मिल जाती थी। जहां एक तो संकीर्ण स्थान दूसरा सामान्य कतार वालों से शीघ्रदर्शनम कतार वालों की टकराहट हो जाती थी। साथ ही कूपन लेने वाले सुविधा नहीं मिलने की शिकायत करते थे। अब सारी समस्याओं का समाधान मंदिर प्रशासन ने निकाल लिया है।

नयी व्यवस्था में फील पाया के पास मिलेगी दोनों कतार

नयी व्यवस्था जो शुरू होने वाली है। उसमें सामान्य कतार अब संस्कार मंडप से सीधे नए फूट ओवर ब्रिज से फील पाया के पास रैंप से उतर जाएगी। शीघ्रदर्शनम की कतार अपने पुराने रूट पर चलकर फील पाया पहुंचकर बाबा मंदिर में प्रवेश करेगी।

क्या होगा बदलाव

बदलाव यही हुआ कि पुरानी व्यवस्था में टी-प्वाइंट के पास ही कूपन वाली कतार और सामान्य कतार एक साथ हो जाती थी। अब दोनों कतार फील पाया के पास मिलकर एक कतार बनकर सीधे बाबा मंदिर के प्रवेश द्वार से मंझला खंड और गर्भगृह में प्रवेश कर जाएगी। शीघ्रदर्शनम कूपन लेने वालों को सहूलियत होगी।

कूपन लेकर पूजा करने वालों का समय भी बचेगा। उनको अब यह महसूस होगा कि उनके लिए डेडिकेटेड इंतजाम किया गया है। जिसकी आस वह सालों से लगाए बैठे थे। जब से शीघ्रदर्शनम कूपन की सुविधा बहाल की गयी है। उसके बाद से लगातार इस सुविधा का लाभ लेने वाले भक्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस कारण इसकी कतार मंदिर से बाहर निकल जाती है।

शीघ्रदर्शनम वाली कतार प्रशासनिक भवन के निर्धारित रूट से चलकर होल्डिंग प्वाइंट होते हुए पूर्व दिशा से आगे बढ़ेगी और फील पाया के रास्ते सीधे मुख्य मंदिर में प्रवेश कर जाएगी। इसमें किसी प्रकार का सामान्य कतार का व्यवधान नहीं होगा।

बाबा मंदिर में शीघ्रदर्शनम कूपन लेकर पूजा करने वाले भक्तों के लिए डेडिकेटेड लाइन की व्यवस्था होगी। इस व्यवस्था का 20 जुलाई से ट्रायल संभावित है।-सौरभ कुमार भुवानिया,उपायुक्त देवघर।
--------------------