Deoghar News: कुंडा में गोली मारकर युवक की हत्या, स्वजनों ने लगाया जमीन विवाद में हत्या का आरोप
कुंडा थाना क्षेत्र के बलियाचौकी के पास मंगलवार को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक 37 वर्षीय रिंकु पुरी उर्फ भैरव पुरी इसी गांव का रहने वाला था। उसकी हत्या उसके घर से कुछ ही दूरी पर स्थित मुकेश तुरी के घर के सामने की गई।

जागरण संवाददाता, देवघर: जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के बलियाचौकी के पास मंगलवार की देर शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक 37 वर्षीय रिंकु पुरी उर्फ भैरव पुरी इसी गांव का रहने वाला था। उसकी हत्या उसके घर से कुछ ही दूरी पर स्थित मुकेश तुरी के घर के सामने की गई। वह वहां गया हुआ था।
उसे पास से तीन गोली मारी गई। एक गोली सिर पर दो अन्य सीना के पास लगी है। घटना के बारे में मृतक के चाचा डाकेश्वर पुरी ने बताया कि उसकी साजिश के तहत हत्या की गई है। उसे फोन करने बुलाया गया और फिर गोली मारी गई। उसने आशंका जतायी है कि उसकी हत्या रूपेश यादव, अरुण पूरी व दीपक गोस्वामी ने मिलकर की है। उसका कहना है कि ये तीनों दो बाइक से इस इलाके में काफी समय से चक्कर लगा रहे थे। जमीन विवाद के कारण उसकी हत्या करने का आरोप लगाया गया है।
हालांकि सूत्रों के मुताबिक मृतक का कुछ लोगों से पहले से विवाद चल रहा था। दस दिन पहले भी उसका कुछ लोगों से विवाद हुआ था। संभव है कि इसी विवाद के कारण उसे फोन करने बुलाया गया और फिर साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी गई। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सुभाष चंद्र जाट, एसडीपीओ पवन कुमार, कुंडा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, मोहनपुर थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप, एएसआइ रामानुज सिंह आदि ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की।
वहीं बताया जाता है कि मृतक का भी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ लूट, चोरी, हत्या का प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, दुष्कर्म, छेड़छाड़ से जुड़े कई मामले दर्ज हैँं। ऐसे में आशंका है कि इसी कारण उसकी कुछ लोगों से दुश्मनी थी, जिस वजह से उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मामले में देवघर के एसपी सुभाष चंद्र जाट ने कहा कि रिंकु पुरी नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हत्यारों को पकड़ा जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।