अपनों के नंबर से आया लिंक भी खाली कर सकता है बैंक खाता, साइबर ठगों ने निकाली नई तरकीब
साइबर ठग आरटीओ चालान, बिजली बिल और पीएम किसान योजना के नाम पर फर्जी लिंक व एपीके फाइल भेजकर लोगों के बैंक खाते खाली कर रहे हैं।

अपनों के नंबर से आया लिंक भी खाली कर सकता है बैंक खाता (AI Generated Image)
HighLights
साइबर ठग फर्जी लिंक, एपीके फाइल से मोबाइल हैक कर रहे।
हैक किए फोन से परिचितों को निशाना बनाकर ठगी।
अनजान लिंक पर क्लिक न करें, हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।
कंचन सौरभ मिश्रा, देवघर। साइबर ठग लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए रोज नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अब आरटीओ चालान, बिजली बिल और पीएम किसान योजना के नाम पर फर्जी लिंक और एपीके फाइल भेजकर लोगों के बैंक खातों से पैसे उड़ाए जा रहे हैं।
ठग लोगों के मोबाइल फोन को हैक कर बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल करते हैं और फिर खाते से अवैध निकासी कर लेते हैं। चिंता की बात यह है कि अब ठग हैक किए गए मोबाइल फोन का इस्तेमाल उसके परिचितों को निशाना बनाने के लिए भी कर रहे हैं।
अनजान लिंक पर क्लिक न करें:
साइबर अपराधी पहले किसी व्यक्ति के मोबाइल पर फर्जी लिंक या एपीके फाइल भेजते हैं। व्यक्ति जैसे ही उस फाइल को डाउनलोड कर इंस्टॉल करता है, उसके मोबाइल और उसमें मौजूद जानकारियों के दुरुपयोग का खतरा बढ़ जाता है। इसके बाद ठग वॉट्सएप पर मौजूद संपर्कों को भी उसी मोबाइल से फर्जी लिंक भेजते हैं।
परिचित का नंबर देखकर लोग संदेश पर भरोसा कर लेते हैं और लिंक खोल देते हैं। इस तरह ठगी का दायरा बढ़ता जाता है। कई मामलों में पीड़ितों के बैंक खातों से रकम निकाल ली गई है।
पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और मोबाइल पर भेजी गई संदिग्ध एपीके फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। इसके बावजूद लोग साइबर ठगों के झांसे में आ रहे हैं।
केस स्टडी-1
पति के मोबाइल से पत्नी और साला भी बने शिकार
सारवां थाना क्षेत्र के पहरिया गांव निवासी वीरेंद्र कुमार को फर्जी लिंक भेजकर उनका मोबाइल हैक कर लिया गया। इसके बाद उनके वॉट्सएप पर मौजूद संपर्कों को आरटीओ चालान से संबंधित एपीके फाइल का लिंक भेजा गया। इसकी चपेट में उनकी पत्नी संगीता और साला राहुल भी आ गए।
दोनों के मोबाइल हैक होने के बाद उनके बैंक खातों से अवैध निकासी कर ली गई। पत्नी के खाते से 1700 रुपये और साला के खाते से पांच हजार रुपये निकाल लिए गए। इस तरह एक व्यक्ति के मोबाइल से शुरू हुआ साइबर ठगी का मामला परिवार के अन्य सदस्यों तक पहुंच गया।
केस स्टडी-2
आरटीओ चालान के नाम पर पांच हजार की ठगी
सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के चमरदेवला गांव निवासी आशीष कुमार यादव के मोबाइल पर आरटीओ चालान के नाम से फर्जी एपीके फाइल भेजी गई। उन्होंने जैसे ही लिंक खोला, उनका मोबाइल हैक कर लिया गया। इसके बाद उनके बैंक खाते से पांच हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।
केस स्टडी-3
फाइल खोलते ही खाते से निकले 15 हजार
जसीडीह थाना क्षेत्र के सिमरा गांव निवासी दरगू पंडित के मोबाइल पर भी फर्जी एपीके फाइल भेजी गई थी। उन्होंने गलती से फाइल खोल दी, जिसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। 27 सितंबर को उनके बैंक खाते से 15 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।
सावधानी ही साइबर ठगी से बचाव
साइबर ठगी से बचने के लिए किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। आरटीओ चालान, बिजली बिल या सरकारी योजनाओं के नाम पर आई फाइल की आधिकारिक माध्यम से पुष्टि करें।
किसी परिचित के नंबर से संदिग्ध लिंक आने पर भी भेजने वाले से दूसरे माध्यम से पुष्टि करें। मोबाइल में संदिग्ध गतिविधि दिखने पर बैंक से तत्काल संपर्क कर खाते और डिजिटल भुगतान सेवाओं को सुरक्षित कराएं। ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
