काउंटिंग के एक दिन पहले से ही स्ट्रांग रूम के बाहर जुट गए समर्थक
सोमवार को विधानसभा चुनाव का मतगणना होगा। इसको लेकर पार्टी कार्यकत्र्ताओं में खासा उत्साह है। ये उत्साह रविवार को स्ट्रांग रूम के आसपास भी दिखा।
देवघर : सोमवार को विधानसभा चुनाव का मतगणना होगा। इसको लेकर पार्टी कार्यकत्र्ताओं में खासा उत्साह है। ये उत्साह रविवार को स्ट्रांग रूम के आसपास भी दिखा। स्ट्रांग रूम के आसपास विभिन्न राजनीतिक दल के कार्यकत्र्ता आपस में बात करते दिखे। सभी अपनी-अपनी पार्टी की जीत का दावा करते नजर आए। राजद कार्यकत्र्ता रामदेव यादव ने दावा किया कि इस बार जीत उन्हीं की होगी और जीत के बाद वे शुद्ध घी का लड्डू बाटेंगे। इसी दौरान आजसू जिलाध्यक्ष ध्रुव साह ने कहा कि जीत तो उन्हीं की होनी है और जीत के बाद होली और दिवाली एक साथ मनाई जाएगी। इसके लिए उन्होंने अबीर व पटाखे का इंतजाम कर रखा है। इसी बीच भाजपा समर्थक रवि कुमार ने कहा कि देवघर में फिर से कमल खिलेगा और वे जश्न मनाएंगे। स्ट्रांग रूम के बाहर लोगों की चहल पहल है। मतगणना के दौरान यहां समर्थकों की भीड़ होगी और इस भीड़ में रोजगार का अवसर भी मिलेगा। इसको देखते हुए आसपास खाने पीने के लिए मिठाई, चाय-पान की दुकानें अभी से सज गई हैं।
उपायुक्त व आरक्षी अधीक्षक ने लिया जायजा : मतगणना से पहले प्रशासन स्ट्रांग रूम के बाहर और भीतर की व्यवस्था को दुरुस्त कर लिया गया है। उपायुक्त नैंसी सहाय व आरक्षी अधीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने पूरी व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व माइकिग व्यवस्था पर विशेष फोकस किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि यह सुनिश्चित किया जाय की कोई भी अनावश्यक रूप से मतगणना केन्द्र में प्रवेश न करें। बाहर व अंदर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया जाए। रौशनी की पर्याप्त व्यवस्था हो। वहीं अधिकारियों व आम लोगों के वाहन पड़ाव का अलग से इंतजाम किया जाए। साथ ही इलाके में असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाए।