पुलिस की शिथिलता पर भड़के परिजन
संवाद सूत्र मारगोमुंडा भंडारो गांव निवासी 23 वर्षीय किशन मंडल की सोमवार की रात रहस्यमय
संवाद सूत्र, मारगोमुंडा : भंडारो गांव निवासी 23 वर्षीय किशन मंडल की सोमवार की रात रहस्यमय स्थिति में मौत हो गई। मृतक की मां पारो देवी ने अपने ही पति साधु मंडल, सौतन दुलेश्वरी देवी, देवर कमल मंडल व देवरानी पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को थाने में एक आवेदन दिया है। हालांकि इस आवेदन पर कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से आक्रोशित मां बुधवार को दर्जनों ग्रामीणों के साथ थाना पहुंची। उसने थाना प्रभारी से मिलकर कार्रवाई किए जाने की मांग की। महिला ने पूछा कि दो दिन बीत जाने के बाद भी मामला क्यों नहीं दर्ज किया गया। मामला दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी की जाए। काफी देर तक सभी थाने के बाहर ही मौजूद थे। इस दौरान पुलिस ने सभी को समझाने क काफी प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग आरोपितों की गिरफ्तार की मांग पर अड़े हुए थे।
महिला का आरोप है सभी आरोपितों ने मिलकर उसके बेटे की साजिश के तहत हत्या की है। इस बारे में थाना प्रभारी खदी कुजूर ने कहा कि मृतक के पिता साधु मंडल के बयार पर पहले एक मामला दर्ज किया जा चुका है। बाद में मृतक की मां पारो देवी ने थाने में आवेदन दिया है। शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।