भाजपा नेता को मिली जान मारने की धमकी
देवघर देवीपुर प्रखंड के भाजपा प्रखंड महामंत्री संदीप कुमार राय ने साइबर थाना में शिकायत
देवघर : देवीपुर प्रखंड के भाजपा प्रखंड महामंत्री संदीप कुमार राय ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज करायी है। इसमें महागठबंधन के प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार नहीं करने पर जान मारने की धमकी देने का आरोप पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, जेवीएम जिलाध्यक्ष नागेश्वर सिंह व प्रमोद कुमार सिंह पर लगाया है। मामले में उसका कहना है कि वह एक शादी समारोह में गया था। जहां पूर्व मंत्री व जेवीएम जिलाध्यक्ष ने बुलाकर जेवीएम प्रत्याशी प्रदीप यादव के पक्ष में मतदान करने को लेकर दबाव बनाया। ऐसा नहीं करने पर जान मारने की धमकी भी दी। इसी दौरान उसके पॉकेट से 5247 रुपये के साथ मोबाइल भी निकाल लिया। इसी दौरान फोटो खींचकर फेसबुक व वाट्सएप में डाल देने की बात कही। पीड़ित का कहना है कि तीनों के रहने पर चुनाव प्रभावित हो सकता है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।