अन्याय करने वालों का विनाश करते भगवान
बनारस की रामलीला मंडली ने स्थानीय नई कॉलोनी में शुक्रवार की रात सीता खोज राम सुग्रीव मिलन व बाली वध की प्रस्तुति दी। जिसे देख लोग भाव विभोर हो गए।
चितरा : बनारस की रामलीला मंडली ने स्थानीय नई कॉलोनी में शुक्रवार की रात सीता खोज, राम, सुग्रीव मिलन व बाली वध की प्रस्तुति दी। जिसे देख लोग भाव विभोर हो गए। कलाकारों ने इसके माध्यम से संदेश दिया कि अन्याय के पथ पर चलने वाले का विनाश भगवान खुद अपने हाथों से करते हैं। कहा गया कि रावण ने सीता का हरण कर लिया। उनकी खोज में राम व लक्ष्मण जंगलों और पर्वतों की खाक छान रहे थे। इसी दौरान हनुमान की भेंट ब्राह्मण के रूप में होती है। अपने भाई बाली के भय से किसकिधा पर्वत पर छिपे वानर राज सुग्रीव को राम भक्त हनुमान, भगवान राम, लक्ष्मण से मिलाते हैं। सुग्रीव, महावीर हनुमान भगवान राम को सीताजी को ढूंढ निकालने का आश्वासन देते हैं। सुग्रीव इस पर्वत पर छिपे होने का कारण बताते हैं। भगवान राम बाली का छल से वध कर देते हैं और सुग्रीव को भाई के भय से मुक्त करते हैं। इस धार्मिक नाटक के मंचन से कलाकारों ने दर्शकों को यह सीख देने की कोशिश की कि हमेशा न्याय पथ पर चलना चाहिए। कलाकारों ने अपने-अपने किरदारों की प्रस्तुति बेहतर ढंग से की। इससे प्रतीत हो रहा था कि राम कालीन घटनाएं दर्शकों के आंखों के सामने चलचित्र की भांति थिरक रहे हों।