सड़क हादसे में घायल युवक की मौत
जागरण संवाददाता देवघर सत्संग चौक-बैजनाथपुर बाइपास सड़क पर जटाही मोड़ के पास बुधवार क
जागरण संवाददाता, देवघर : सत्संग चौक-बैजनाथपुर बाइपास सड़क पर जटाही मोड़ के पास बुधवार की देर शाम सड़क हादसे में घायल युवक की मौत हो गई। मृतक 32 वर्षीय पिकू कुमार बिहार के सीमावर्ती बांका जिले का रहनेवाला है। वर्तमान में वह देवघर रांगा मोड के पास एक झोपड़ी बनाकर अपनी मां व परिजनों के साथ रहता था। वह मजदूरी किया करता था। मां ललिता देवी ने बताया कि हर दिन की तरह कल भी उसका बेटा मजदूरी करने सुबह घर से निकला था। काम खत्म करने के बाद शाम को वह घर लौट रहा था। इसी दौरान जटाही मोड के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। टक्कर मारने के बाद वाहन का चालक गाड़ी लेकर मौके पर से भाग निकला। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बुधवार की देर रात उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजन अस्पताल से शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ले गए। नगर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उसकी मौत से पूरे परिवार पर आर्थिक संकट टूट पड़ा है। परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं है। पिकु की कमाई पर परिवार का खर्च काफी हद तक निर्भर करता था। अब हादसे में उसकी मौत हो जाने से परिवार पर खाने-पीने का संकट उठ खड़ा हुआ है।