गुड़गांव में फंसे 15 लोगों की छात्र संगठन ने की मदद
हरियाणा के गुड़गांव में देवघर के फंसे 15 लोगों की युवा छात्र संगठन ने मदद की। संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष कुंदन शर्मा ने कहा कि 24 मार्च से ही ये लोग फंसे हैं।
देवघर : लॉकडाउन में हर दिन कमाकर खाने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। कल-कारखाने बंद होने के कारण मजदूर बेरोजगार हो गए हैं और लॉकडाउन के कारण अपने घर भी नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऐसे लोगों की हर तरह से मदद करने की कोशिश की जा रही है। इसी क्रम में हरियाणा के गुड़गांव में देवघर के फंसे 15 लोगों की युवा छात्र संगठन ने मदद की। संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष कुंदन शर्मा ने कहा कि देवघर के 15 लोग बीते 24 मार्च से ही लॉकडाउन होने के कारण हरियाणा के गुड़गांव में फंसे हैं। उन्हें लगा कि 14 अप्रैल को लॉकडाउन समाप्त होने के बाद वह अपने घर लौट आएंगे, लेकिन लॉकडाउन बढ़ जाने के कारण उन्हें मुश्किल हो गई है, क्योंकि पैसा व राशन आदि सब समाप्त हो गया है। ऐसे में उन लोगों ने उनसे संपर्क किया। इसके बाद मदद की गई।