विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी मुठभेड़ के बाद चतरा पहुंचा उग्रवादी गंझू का शव, कड़ी सुरक्षा के बीच पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार  

By ZULQAR NAINEdited By: Krishna Bahadur Singh Parihar
Published: Mon, 21 Sep 2026 08:27 AM (IST)

टीएसपीसी सुप्रीमो बृजेश गंझू का शव उसके पैतृक गांव चतरा पहुंचा, जहां भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम संस्कार की तैयारी है।

बृजेश गंझू का शव पैतृक गांव पहुंचा। फोटो जागरण

बृजेश गंझू का शव पैतृक गांव पहुंचा। फोटो जागरण

HighLights

  1. बृजेश गंझू का शव पैतृक गांव चतरा पहुंचा।

  2. अंतिम संस्कार के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए।

  3. वाराणसी मुठभेड़ में टीएसपीसी सुप्रीमो की मौत हुई थी।

जागरण संवाददाता, चतरा। टीएसपीसी सुप्रीमो बृजेश गंझू का शव सोमवार को उसके पैतृक गांव पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी। अंतिम संस्कार को लेकर प्रशासन एवं पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गांव के श्मशानघाट में उसका अंतिम संस्कार किए जाने की तैयारी है।

बृजेश गंझू के शव को गांव लाए जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं परिचित वहां पहुंचने लगे। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल की तैनाती की है। आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

WhatsApp Image 2026-09-21 at 8.06.09 AM

सुरक्षा एजेंसियों के साथ मुठभेड़ में हुआ था ढेर

बृजेश गंझू लंबे समय से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी से जुड़ा हुआ था और संगठन में शीर्ष स्तर पर सक्रिय था। उसके खिलाफ सिर्फ चतरा जिले में 43 उग्रवादी मामले दर्ज थे। सुरक्षा एजेंसियों को उसकी लंबे समय से तलाश थी।

रविवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सुरक्षा एजेंसियों के साथ मुठभेड़ में उसकी मौत हुई थी। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की है। श्मशानघाट के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अंतिम संस्कार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। वहीं, बृजेश के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे लोगों पर भी पुलिस की नजर है। गांव में सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है।

 

यह भी पढ़ें- वाराणसी में माओवादी बृजेश गंझू की एटीएस संग मुठभेड़ में मौत के बाद सामने आई उसके अपराधों की फेहर‍िश्‍त